
मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए मिलेगी सीधी रेल सुविधा
रेलवे स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म, लाइनों का विस्तार और बड़े एफओबी सहित यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चल रहा कार्य
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के स्थान पर दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से द्वितीय साप्ताहिक ट्रेन को सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर निर्धारित समय 7.30 पर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन अब प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को किया जाएगा। ट्रेन अम्बिकापुर से प्रातः 7ः30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को रात्रि 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा आवृत्ति बढ़ाए जाने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।
सरगुजा संभाग के यात्रियों की लंबे समय से थी मांग-सांसद श्री चिंतामणि महाराज
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में एक दिन ट्रेन चलने के कारण सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। रायगढ़,जशपुर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से भी यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति-डीआरएम श्री राकेश रंजन
डीआरएम श्री राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन की गई है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल अम्बिकापुर बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के लोग इस अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करेंगे।
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में बढ़ेंगी सुविधाएं
डीआरएम श्री रंजन ने अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार करने के साथ ही बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य किया जा रहा है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जरूरी अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए आवागमन होगा आसान-महापौर
नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलना नगरवासियों और पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों सहित अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डीसीएम श्री एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम श्री अहूजा, पार्षद श्री आलोक दुबे, पार्षद श्री रविकांत उरांव, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह, श्री विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक गण उपस्थित रहे।
समाचार
सेवा संकल्प अभियान के तहत नवीन महाविद्यालय लखनपुर में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन’
स्वच्छता की शपथ लेकर विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश
प्राकृतिक वस्तुओं से विद्यार्थियों ने बनाई आकर्षक रंगोली
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर में बुधवार को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान की विशेष गतिविधि के रूप में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्राकृतिक वस्तुओं एवं सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक विशाल रंगोली का निर्माण किया गया। रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी, कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत रंग-संगीत कार्यक्रम आयोजित
स्थानीय लोक कलाकारों ने करमा-सुग्गा गीतों से बांधा समां, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने भी गाए लोकगीत
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से सेवा संकल्प अभियान के तहत अम्बिकापुर विकास समिति द्वारा सरस्वती महाविद्यालय सुभाषनगर के सभागार में रंग-संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के लोक कलाकारों ने करमा, सुग्गा सहित लोक संस्कृति, भजन एवं देशभक्ति पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने स्थानीय लोककला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक मंच मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं लोककला से जुड़े रहने का आह्वान किया। लोकगीतों से प्रभावित होकर महापौर श्रीमती भगत ने स्वयं भी जितिया, करमा एवं सुग्गा के गीत गाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी ने की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मान एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद श्री शैलेश सिंह, डीपीओ श्री गिरीश गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार एवं कविगण सहित बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अम्बिकापुर विकास समिति के संयोजक श्री अंचल ओझा तथा आभार प्रदर्शन जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री एम. सिद्दीकी ने किया।
सेवा के रंग राष्ट्र के संग
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पीजी कॉलेज अंबिकापुर में चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न
युवाओं ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से उकेरी सेवा, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सरोकारों की भावना
चित्रों में दिखी विकसित भारत की परिकल्पना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा की झलक
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत “सेवा के रंग राष्ट्र के संग” की भावना को साकार करते हुए राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को कैनवास पर जीवंत किया।
सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विविध विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों द्वारा रंगों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक एकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण, विकसित भारत तथा सेवा भाव जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
’रंगों में साकार हुई सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना’
प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण एवं रचनात्मक वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े कार्यों से ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, सेवा भावना, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और अपने कर्तव्यों के ईमानदारीपूर्वक निर्वहन से भी संभव है। प्रतिभागियों की कलाकृतियों में भारत की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समरसता और देश की प्रगति के विभिन्न आयामों की सुंदर झलक देखने को मिली। युवाओं ने अपनी कल्पनाओं को रंगों में ढालते हुए सेवा और राष्ट्रहित के संदेश को प्रभावशाली तरीके से अभिव्यक्त किया।
’युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मिला मंच’
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी सोच, कल्पना और राष्ट्र के प्रति भावनाओं को कला के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी उनके व्यक्तित्व विकास के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
’चित्रों के माध्यम से दिया जनसेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश’
प्रतियोगिता में तैयार चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। चित्रों में सेवा को केवल एक गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा जीवन मूल्य के रूप में प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए जनहित, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों ने “सेवा के रंग राष्ट्र के संग” संदेश को सार्थक रूप प्रदान किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ सहभागिता की। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित करने का संदेश दिया।
अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 7 टीपर जब्त
लुचकी घाट में मुरूम उत्खनन के पुराने मामले में 42.68 लाख का अर्थदण्ड
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ सरगुजा जिले में अवैध रेत एवं मुरूम उत्खनन, परिवहन और भण्डारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई जारी है। खनिज अमले ने जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन करते पाए गए कुल 7 टीपर वाहनों को जब्त किया है। वहीं लुचकी घाट में अवैध मिट्टी एवं मुरूम उत्खनन के पूर्व प्रकरण में 42 लाख 68 हजार 160 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है।
04 एवं 05 अक्टूबर को समाचार माध्यमों में रेड नदी से अवैध रेत उत्खनन और लुचकी घाट में मुरूम उत्खनन को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद खनिज अमले ने संबंधित क्षेत्रों की जांच की। उदयपुर क्षेत्र स्थित रेड नदी में जांच के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन नहीं पाया गया। हालांकि रास्ते में रेत का अवैध परिवहन करते मिले 2 टीपर वाहनों को जब्त कर थाना लखनपुर की अभिरक्षा में सौंपा गया। अन्य 5 टीपर वाहनों को भी अवैध रेत परिवहन में जब्त कर कलेक्टर कार्यालय परिसर अम्बिकापुर में रखा गया है।
लुचकी घाट में पूर्व में अवैध मिट्टी एवं मुरूम उत्खनन के मामले में एक जेसीबी, 2 हाईवा और एक एक्सकेवेटर मशीन जब्त कर पुलिस लाइन अम्बिकापुर की अभिरक्षा में सौंपी गई थी। इस प्रकरण में अवैध उत्खननकर्ता फैजुल फिरदौसी, निवासी नवागढ़ अम्बिकापुर के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत 42 लाख 68 हजार 160 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है। मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय बिलासपुर में विचाराधीन है।
लुचकी घाट में ही पूर्व की एक अन्य कार्रवाई में अवैध मुरूम उत्खनन करते पाए जाने पर 2 जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया था। प्रकरण में 85 हजार 488 रुपये खनिज मद में जमा कराए गए हैं। वहीं उदयपुर एवं लखनपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के मामलों में 5 वाहन जब्त कर 1 लाख 472 रुपये अर्थदण्ड जमा कराया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में सरगुजा पुलिस ने 49 दिन में लगभग 2.74 लाख लोगों तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश
सरगुजा पुलिस ने रेंज के सभी जिलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए साइबर जागरूकता के क्षेत्र में पहले नंबर पर बनायीं अपनी जगह
सरगुजा पुलिस द्वारा अभियान के दौरान कुल 8,227 से अधिक जागरूकता कार्यक्रमों का किया गया आयोजन
रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी (मटका फोड़) जैसे आयोजनों से गांव-शहर तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश
पुलिस टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जाकर चैपाल और संवाद कार्यक्रमों का किया आयोजन
अभियान से प्रत्येक नागरिक को इतना सक्षम और जागरूक बनाया गया कि वे खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी साइबर ठगी से बचा सकें
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए ‘साइबर जागृति अभियान’ में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सरगुजा पुलिस ने पूरे सरगुजा रेंज के सभी जिलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए साइबर जागरूकता के क्षेत्र में पहले नंबर पर अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल कि है, अभियान के दौरान पुलिस की टीमों ने जिले के कोने-कोने में पहुंचकर कुल 8,227 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन व्यापक कार्यक्रमों के माध्यम से 2,74,247 नागरिकों को सीधे जोड़कर उन्हें साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया गया और जागरूक किया गया।
रक्षाबंधन पर्व के दौरान-
पर्व के दौरान आयोजित ‘साइबर रक्षा सूत्र’ अभियान के दौरान सरगुजा पुलिस की टीमों ने नागरिकों और बहनों की कलाई पर साइबर सुरक्षा संदेशों से युक्त ‘साइबर रक्षा सूत्र’ (राखी) बांधकर उन्हें साइबर ठगी से सुरक्षित रहने का संकल्प दिलाया। त्यौहार के माहौल में इस पहल ने आम जनता का ध्यान अपनी ओर खींचा और बड़े पैमाने पर लोगों को जागरूक किया।
जन्माष्टमी के दौरान आयोजित ‘मटका फोड़’ कार्यक्रम के जरिए साइबर फ्रॉड के खिलाफ संदेश- जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सरगुजा पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन में आम नागरिकों को साइबर अपराधों के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया। इस अनूठे आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के टिप्स दिए गए।
रेंज में अव्वल रही सरगुजा पुलिस- सरगुजा पुलिस रेंज के सभी जिलों में इस अभियान में सरगुजा पुलिस का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जाकर चौपाल और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया।
हर वर्ग तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश- इस विशेष अभियान के तहत समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जागरूक किया गया
स्कूल और कॉलेजों में सेमिनार आयोजित कर सोशल मीडिया हैकिंग, गेमिंग फ्रॉड और ऑनलाइन बुलिंग से बचाव के तरीके बताए गए। डिजिटल बैंकिंग, OTP, UPI PIN तथा फर्जी कॉल/लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
‘साइबर ग्राम चौपाल’ के जरिए दूरदराज के ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के प्रति सतर्क किया गया। इसके अतिरिक्त, वित्तीय अपराधों जैसे—KYC अपडेट फ्रॉड, शेयर मार्केट एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, जॉब फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट तथा फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
“ठगी होते ही तुरंत 1930 पर करें कॉल”- सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि कभी भी अपना OTP, UPI PIN, बैंक पासवर्ड या कार्ड की जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
यदि किसी कारणवश साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाईन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
सरगुजा पुलिस का यह संकल्प है कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर हर नागरिक को इतना सक्षम और जागरूक बनाएगा कि वे खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी साइबर ठगी से बचा सकें।
जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का नवीन कार्य विभाजन आदेश जारी
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के मध्य नवीन कार्य विभाजन आदेश जारी किया है। जारी आदेशानुसार अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय कुमार खेस्स को दरिमा एयरपोर्ट एवं अन्य हेलीपेड में वीआईपी आगमन पर अक्षांश देशांस की जानकारी भेजना एवं आवश्यकतानुसार कार्यक्रमों में मजिस्ट्रेट ड्यूटी लगाना। दाण्डिक अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सरगुजा, राजस्व भू-राजस्व संहिता-1959 की धारा-44 (धारा-170 ख को छोड़कर) अनुविभाग के अपील प्रकरण धारा 240, 241, से सम्बधित प्रकरण। धारा-50 के तहत् पुनरीक्षण प्रकरण एवं धारा 88 से संबंधित बंदोबस्त प्रकरण। राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड-06 क्रमांक-04 के प्रकरणों में कलेक्टर के मूल अधिकारों का प्रयोग करेगे। नजूल अधिकारी अम्बिकापुर के द्वारा पारित आदेश के विरूद्ध संहिता की धारा-44 के तहत प्रस्तुत होने वाले अपील प्रकरण एवं नजूल पट्टा नवीनीकरण का कार्य। शीर्ष बी-121 (पंचायत प्रकरण छोड़कर) मद के राजस्व एवं विविध मामले। उत्तराधिकारी, शोध क्षमता, भारतीय नागरिकता, ऋण भारमुक्त आदि प्रमाण पत्र। पासपोर्ट एंव विदेशी नागरिकता सम्बधी कार्य। जिला विवाह अधिकारी एवं विशेष विवाह के मामले। प्रभारी अधिकारी वित्त स्थापना शाखा जिला कार्यालय के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अर्जित अवकाश, सामान्य भविष्य निधि, आंशिक अंतिम विकर्षण एवं अग्रिम चिकित्सा प्रतिपूर्ति, त्यौहार अग्रिम, यात्रा अग्रिम से संबंधित कार्य। वित्त शाखा के देयकों के आहरण/संवितरण का कार्य। जिला कार्यालय (कलेक्ट्रेट) में होने वाले दस हजार तक के व्यय। नाजरात शाखा के आहरण संवितरण का कार्य। शासन के नियमों/निर्देशों के अनरूप टेलीफोन, विद्युत पी.ओ.एल. एवं वाहन मरम्मत के देयकों की स्वीकृति। भू-अर्जन शाखा, कर्मचारी कल्याण एवं परामर्शदात्री समिति, न्यायिक शाखा, एस.डब्ल्यू शाखा, विधि/अभियोजन शाखा/धारा-80 के आवेदन/राष्ट्रीय लोक अदालत, खनिज शाखा, खाद्य विभाग, सूचना के अधिकार के तहत अपीलीय अधिकारी, जनगणना शाखा। कलेक्टर सरगुजा द्वारा समय-समय पर निर्दिष्ट कार्य।
इसी प्रकार उपायुक्त (रा.) संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शारदा अग्रवाल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन, दाण्डिक कार्यपालन दण्डाधिकारी, राजस्व नजूल अधिकारी अम्बिकापुर। प्रभारी अधिकारी मुख्यमंत्री जन चौपाल , मुख्य सचिव कार्यालय तथा प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतें/कलेक्टर जनदर्शन/ऑनलाईन पीजीएन/सी.पी.जी.आर.ए.एम.एस./पी.ए.सी.एल./ऑनलाईन जनशिकायत/समय-सीमा में प्राप्त पत्रों का निराकरण, समय-सीमा की बैठक। कलेक्टर (वाचक शाखा), भू-बंटन, मोटर व्हीकल्स टेक्रोसन एक्ट, जिला योजना एवं सांख्यिकी शाखा, उच्च शिक्षा से संबधित कार्यों/पत्रों पर कार्यवाही। जिला कौशल विकास प्राधिकरण सरगुजा (DSDA) गतिविधियो की नियमित मानिटरिंग/क्रियान्वयन संबधी कार्य। प्रभारी अधिकारी सी.एम हेल्पलाईन, कलेक्टर सरगुजा द्वारा समय-समय पर निर्दिष्ट कार्य।
वहीं डिप्टी कलेक्टर श्री आशुतोष देवांगन को उप जिला निर्वाचन अधिकारी (सामान्य निर्वाचन), प्रभारी अधिकारी प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को शिकायत के निराकरण हेतु राज्य स्तर से आयोजित वीडियो कांफ्रेसिंग में उपस्थिति हेतु नोडल अधिकारी, लाईसेंस शाखा, परीक्षा शाखा, वरिष्ठ लिपिक/अति.वरिष्ठ लिपिक शाखा, ROW नोडल अधिकारी, सहायक अधीक्षक (सामान्य), नगर तथा ग्राम निवेश के प्रतिनिधि, राजस्व अधिकारियों की मासिंक समीक्षा बैठक से सबंधित कार्य। सहायक अधीक्षक (राजस्व), राजस्व लेखा शाखा, विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों पर कार्यवाही, तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003/छ0ग0 निक्षेपक संरक्षण अधिनियम, जनसूचना अधिकारी जिला कार्यालय, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, दस्तावेजों का सत्यापन, अल्प संख्यक, वक्फ बार्ड, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, राज्य संभाग जिला स्तर पर आयोजित बैठकों की जानकारी तैयार, लोक सभा/राज्य सभा/ विधान सभा प्रश्नों के उत्तर भेजने हेतु नोडल अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र / अंत्याव्यवसायी/सहकारिता, नाजरात शाखा आहरण संवितरण को छोड कर अन्य समस्त कार्य, आबकारी विभाग, जिला कोषालय, जेल/होमगार्ड/नापतौल विभाग, मुख्यमंत्री सहायता कोष, अनुदान राशि तथा अन्य में कलेक्टर की हस्ताक्षर/अभिप्रमाणन का कार्य, हिट एवं रन से सबंधित प्रकरणों के निराकरण व कार्यवाही। चिटफंड, कॉलोनी विकास अनुमति सिंगल विन्डो नोडल, भवन अनुज्ञा, श्रम विभाग, कलेक्टर सरगुजा द्वारा समय-समय पर निर्दिष्ट कार्य।
इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर श्रीमती उमा राज को प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख शाखा एवं आहरण संवितरण अधिकारी, भू-अभिलेख शाखा के स्थापना के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अर्जित अवकाश, सामान्य/विभागीय भविष्य निधि आंशिक अंतिम विकर्षण।
राहत शाखा, अल्प बचत शाखा,मुख्य प्रतिलिपिकार, अंग्रेजी अभिलेख कोष्ठ, राजस्व अभिलेख कोष्ठ, किराया औचित्य निर्धारण शाखा, विभागीय जाँच शाखा, ब्रिस्क, मंडी, पुर्नवास शाखा, आवक जावक शाखा, प्रपत्र. लाईबेरी एवं स्टेशनरी शाखा, पुरातत्व, संग्रहालय संस्कृति एवं पर्यटन शाखा, धर्मस्व शाखा, कलेक्टर सरगुजा द्वारा समय-समय पर निर्दिष्ट कार्य।
जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश जारी
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026/ सरगुजा जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के प्रशासनिक दृष्टिकोण से नवीन पदस्थापना हेतु आदेश जारी किया गया है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत द्वारा जारी आदेशानुसार डिप्टी कलेक्टर श्री रामराज सिंह को अनुविभागीय अधिकरी (रा.) उदयपुर एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर को अनुविभागीय अधिकरी (रा.) सीतापुर पदस्थ किया गया है।









