
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/ खेती-किसानी में समय पर खाद, बीज और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था करना किसानों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से ग्राम जवाली, विकासखंड कटघोरा के किसान हेमलाल पटेल को खेती के खर्च में मदद मिली है।
50 वर्षीय हेमलाल पटेल खेती पर निर्भर हैं। योजना का लाभ मिलने से पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और खेती के अलावा आय का कोई दूसरा नियमित साधन नहीं था। मौसम की प्रतिकूलता या खेती के जरूरी खर्चों के समय उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत उन्हें अब तक कुल 46 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई है। यह राशि खाद-बीज सहित खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक बनी। योजना से मिली मदद के कारण वे खेती के जरूरी काम समय पर कर पा रहे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। हेमलाल पटेल के लिए यह सहायता खेती को जारी रखने और बेहतर ढंग से करने में उपयोगी साबित हुई है। योजना के लाभ से उन्हें आर्थिक संबल मिला है और परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/नन्हें कदमों की चहलकदमी, बच्चों की खिलखिलाहट और माताओं की सक्रिय सहभागिता से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम बरपाली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा अभियान का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, पालकों, किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जीवंत नजर आया। आयोजन ने पोषण, संस्कार, स्वच्छता, सम्मान और सामुदायिक जुड़ाव को एक साथ जोड़ते हुए आंगनबाड़ी की गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।
अभियान के दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं के सम्मान के साथ उनके प्रयासों को प्रोत्साहन मिला और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं। विभागीय योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता का सार्थक उपयोग कर बेहतर कार्य करने वाली हितग्राही महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान के इस अवसर ने महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया और अन्य परिवारों को भी योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आंगन मिलन सेवा अभियान के अंतर्गत ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान को भी जनभागीदारी से आगे बढ़ाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र परिसर के साथ पालकों के घरों में मुनगा पौधों का रोपण किया गया। मुनगा पौधे के माध्यम से परिवारों को पोषण और हरियाली से जुड़ने का अवसर मिला। बच्चों, महिलाओं और पालकों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को सामुदायिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शिवकला ने कहा कि आंगन मिलन सेवा अभियान से बच्चों और पालकों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिला। विभिन्न गतिविधियों में उनकी भागीदारी से बच्चों के लिए सीखने और आनंद का माहौल बना तथा महिलाओं में भी सक्रिय सहभागिता की भावना मजबूत हुई।
आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती चमेली बाई ने कहा कि बच्चों के अन्नप्राशन, महिलाओं के सम्मान और मुनगा रोपण जैसी गतिविधियों में पालकों की भागीदारी उत्साहजनक रही। सभी ने मिलकर आयोजन को आत्मीय और यादगार बनाया। कार्यक्रम में शामिल हितग्राहियों ने विभागीय योजनाओं से मिल रहे सहयोग और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आयोजित गतिविधियों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पहुंच रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/नन्हे शिशु की मुस्कान के साथ मां की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म तक उचित पोषण और देखभाल के लिए परिवार को अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत होती है। पाली विकासखंड के ग्राम उतरदा निवासी श्रीमती माधुरी राठौर के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत मिली 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता ऐसे ही समय में उपयोगी सहारा बनी। इस राशि से उन्होंने बच्चे के पोषण आहार की व्यवस्था की और परिवार की आवश्यक जरूरतों में भी सहयोग मिला।
श्रीमती माधुरी राठौर ने बताया कि गर्भवती होने पर उन्हें अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने अपना पंजीयन कराया और योजना के तहत 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त की। प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के लिए पोषण आहार जुटाने में किया। आर्थिक सहयोग मिलने से बच्चे की देखभाल और परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा मिली। लाभार्थी श्रीमती माधुरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मातृत्व के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता शिशुवती माताओं के लिए बहुत उपयोगी है। इससे बच्चे के पोषण और स्वस्थ शारीरिक विकास के लिए जरूरी आहार की व्यवस्था करने में परिवार को सहयोग मिलता है। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
क्रमांक 1321/सुरजीत /फोटो क्रमांक- 8
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/घर की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालना हर परिवार की प्राथमिकता होती है। सीमित आर्थिक संसाधनों में इन जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए महिलाओं को कई बार छोटे-बड़े खर्चों के लिए भी सोच-समझकर व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे समय में हर महीने मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता परिवार के बजट को संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग देती है।
करतला विकासखंड के ग्राम सोहागपुर निवासी श्रीमती सुनीता कंवर, पति श्री शिरोमणी कंवर के परिवार को महतारी वंदन योजना के माध्यम से ऐसा ही आर्थिक सहारा मिल रहा है। योजना का लाभ मिलने से पहले घरेलू जरूरतों और बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार व्यवस्थित करना पड़ता था। घर के आवश्यक खर्चों के साथ बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक प्रबंधन करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सुनीता कंवर के बैंक खाते में हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वह घर की आवश्यक जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों में कर रही हैं। नियमित सहायता मिलने से घरेलू बजट को व्यवस्थित करने में उन्हें सुविधा मिली है और बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने में भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। सुनीता कंवर अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “हर महीने खाते में एक हजार रुपये की राशि आती है। इस राशि से घर की जरूरी चीजों और बच्चों की पढ़ाई के खर्च में मदद मिलती है। नियमित रूप से राशि मिलने से घर का खर्च संभालने में सुविधा होती है और मुझे आर्थिक सहारा मिलता है। लाभार्थी सुनीता ने महतारी वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए शुरू की गई इस योजना से हमें अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देती हूं।
कोरबा, 6 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित नमो सेवा गाथा कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण तथा देश की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। “विकसित भारत-2047” की परिकल्पना को केंद्र में रखकर प्रस्तुत किए गए इस नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, महत्वपूर्ण पहलों और सामाजिक बदलावों को रचनात्मक एवं रोचक तरीके से मंचित किया।
नाटक में अमन, आशीष एवं साथियों तथा कुमारी दिव्या, अभिषेक तांती एवं साथियों ने विभिन्न भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन करते हुए दर्शकों तक योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े संदेशों को सहज एवं प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया। विद्यार्थियों ने श्री नरेंद्र मोदी जी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तक की प्रमुख घटनाओं एवं पहलों को नाटक की विषयवस्तु में शामिल किया। प्रस्तुति के दौरान महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की कहानी को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने यह दर्शाया कि आर्थिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं तथा परिवार और समाज में अपनी स्वतंत्र पहचान स्थापित कर रही हैं।
इसी क्रम में स्वच्छता एवं शौचालय निर्माण के माध्यम से महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े बदलाव को प्रभावी अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और घर-घर शौचालय की सुविधा ने ग्रामीण एवं शहरी जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में भूमिका निभाई है। नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं से जुड़ाव, वित्तीय समावेशन तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। वहीं डिजिटल इंडिया और यूपीआई के माध्यम से बदलती तकनीकी व्यवस्था और डिजिटल भुगतान की सुविधा को नई पीढ़ी की प्रस्तुति के माध्यम से सहज एवं आकर्षक ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि तकनीक और डिजिटल सेवाएं आज आम नागरिक के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं।
कार्यक्रम में देश की सुरक्षा और नए भारत के सामर्थ्य को भी विषयवस्तु में स्थान दिया गया। सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रम और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति दृढ़ता को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों के अभिनय, संवाद, मंच प्रस्तुति और विषयों के रचनात्मक संयोजन को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक प्रभाव समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में दिखाई देने वाले बदलावों से समझा जा सकता है।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत रामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर ही बच्चे देश और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में स्वच्छता, रक्तदान और ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से लोगों तक सेवाएँ और योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखा सकें और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें। उन्होंने नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री की देश सेवा को नाटक के माध्यम से प्रस्तुति पर विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) सहित विभिन्न मदों से सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य भवन और छात्रावासों से जुड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रामपुर विद्यालय में भवन निर्माण के साथ एक अन्य भव्य भवन का निर्माण भी डीएमएफ से प्रस्तावित है। मंत्री ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करनी होगी। उन्होंने बच्चों से मोबाइल का सीमित उपयोग कर अध्ययन पर ध्यान देने की अपील की। एमआईसी सदस्य एवं पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम बच्चों के बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। पार्षद श्रीमती ममता यादव ने भी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय ने अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा और देश के प्रति योगदान को प्रस्तुत कियज्ञं कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा, श्री नरेंद्र पाटनवार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
क्रमांक 1324/कमलज्योति/फोटो क्रमांक- 14 से 17
कोरबा, 6 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहर के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, एनसीडीसी, एसईसीएल कोरबा में नमो सेवा गाथा कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा, संवाद और रचनात्मक प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी विषयों को मंच पर जीवंत कियज्ञं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती मनोरमा शर्मा एवं श्री सुशील गर्ग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्री जोगेश लांबा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए सेवा के महत्व को ट्रैफिक और सिग्नल के उदाहरण से समझाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह सड़क पर ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने से यातायात व्यवस्थित रहता है और सभी लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होती है, उसी तरह समाज में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करना भी सेवा का ही एक रूप है। सेवा केवल किसी जरूरतमंद की मदद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दायित्वों को जिम्मेदारी से निभाना और समाज के हित में योगदान देना भी सेवा ळें उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक बदलावों को संवाद एवं अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रभावी संवाद अदायगी, अभिनय और मंच प्रस्तुति दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका फिलिप्स, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पीडब्ल्यूडी रामपुर में आज विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामपुर की छात्राओं द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, विकास पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में अब तक की विभिन्न प्रमुख घटनाओं और विकास कार्यों को क्रमबद्ध एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में गुजरात में भूकंप के बाद राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा विकास की दिशा में किए गए प्रयासों को विशेष रूप से दर्शाया गयज्ञं छात्राओं ने देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों को भी अपनी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया। आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने तथा इसके बाद विकास की दिशा में हुए कार्यों को संवाद और अभिनय के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। सर्जिकल स्ट्राइक जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों को भी नाटक के माध्यम से दर्शाया गया। नुक्कड़ नाटक में वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के बाद देश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों को भी शामिल किया गया। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं से लोगों को जोड़ने, स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं शौचालय निर्माण को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को छात्राओं ने सहज एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया।
कोरोना महामारी के वैश्विक संकट के दौरान देश में संचालित टीकाकरण अभियान और संकट की परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों को भी नुक्कड़ नाटक में दर्शाया गया। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा के माध्यम से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की घटना को भी छात्राओं ने अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इसके अलावा चेनाब ब्रिज, जी-20 की मेजबानी सहित देश में बुनियादी ढांचे और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका से जुड़े विषयों को भी नाटक में स्थान दिया गया। छात्राओं ने संवाद, अभिनय और संदेश के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण की भावना को प्रभावी ढंग से सामने रखा। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधिगण, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मंत्रियों, पीएमओ पीजी पोर्टल तथा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) और एग्री-स्टेक सत्यापन में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सभी तहसीलदारों को पटवारियों के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रविष्टि का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। अब तक हुई प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लंबित प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि गिरदावरी मैनुअल तरीके से नहीं होगी। पॉलीगॉन ऐप के माध्यम से सर्वेयरों को कार्य में लगाकर प्रविष्टि कराई जाए। जिन किसानों के खसरे ऐप में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी जानकारी भी नियमानुसार दर्ज कराई जाए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को पॉलीगॉन ट्रेसिंग में तेजी लाने तथा गैर-कृषि खसरों की ट्रेसिंग शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। एग्री-स्टेक सत्यापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सीसीबी) के नोडल अधिकारी, उप पंजीयक सहकारिता और सहकारिता निरीक्षकों को फील्ड में जाकर प्रगति लाने को कहा। उन्होंने डीआरसीएस को भी मैदानी स्तर पर कार्य की समीक्षा करने तथा प्रभारी अधिकारी को इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 20 अक्टूबर से पहले एग्री-स्टेक से संबंधित कार्य पूर्ण कराकर सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया जाए। कोई पात्र किसान छूटने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एसडीएम को समितियों के साथ बैठक कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
बैठक में विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल पर पंजीयन और लंबित अनुमोदन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को महाविद्यालयों से समन्वय कर छात्रवृत्ति प्रकरणों का समय पर अनुमोदन कराने के निर्देश दिए। श्रम विभाग से ई-केवाईसी की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने वार्डों में शिविर लगाकर कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने नगर निकायों के सीएमओ को पार्षदों के साथ समन्वय करने और जनपद पंचायतों के सीईओ को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीएससी केंद्रों के माध्यम से ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुनालिया नहर मार्ग पर 11 केवी विद्युत लाइन शिफ्टिंग के संबंध में विद्युत विभाग और संबंधित ब्रिज निर्माण एजेंसी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को कार्य प्रारंभ करने और सड़क निर्माण कार्यों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनपद पंचायतों के सीईओ को भी अपने क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा।
बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री जितेंद्र उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव, सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल, सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक उपायों को क्रियान्वित करने निर्देशित किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य सड़को पर हुए सड़क हादसों के कारणों एवं संभावित परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने कहा।
सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़ों, घाट क्षेत्रों एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई को घाट क्षेत्रों में पूरे हिस्से में क्रैश बैरियर लगाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने निर्देशित किया। उन्होंने एनएच के चिन्हांकित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर, क्रैश बैरियर एवं स्पीडोमीटर स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए भी कहा। उन्होंने सड़क की संरचनात्मक सुरक्षा को मजबूत करने हेतु आवश्यक स्थानों पर रोड मार्किंग, कर्व वाले क्षेत्रों में कैटआई, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और डेलिनेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।
कलेक्टर श्री दुदावत ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कहा। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पीएम राहत योजना के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में घायलों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों सहित प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना के प्रति भी आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के लिए कहा, ताकि सड़क दुर्घटना के समय घायलों की तत्काल सहायता के लिए लोग आगे आ सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड एवं शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन की रोकथाम के लिए नियमित अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने सहित ट्रैफिक नियमों का उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति पर विशेष निगरानी रखते हुए जागरूकता एवं कार्रवाई का अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी कटघोरा श्री जितेंद्र उपाध्याय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ मानव-हाथी द्वंद्व प्रबंधन के लिए गठित समिति की बैठक आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हाथियों से प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा समय पर उपलब्ध कराने, संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था करने और मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाथियों से फसल नुकसान की स्थिति में पटवारियों से समय-सीमा के भीतर आवश्यक रिपोर्ट तैयार कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि शीघ्र मिल सके। उन्होंने ग्राम सभाओं के माध्यम से मुआवजा प्रक्रिया और उससे जुड़ी जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने को भी कहा। हाथियों के विचरण क्षेत्रों में विद्युत तारों से की जाने वाली अवैध हुकिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने हाथियों को करंट से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने और विद्युत तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर रखने को कहा। बैठक में लाइनमैन को अवैध हुकिंग की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में संचालित धान खरीदी केंद्रों को संवेदनशील केंद्रों के रूप में चिह्नित कर वहां सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने उप-पंजीयक सहकारिता और खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों को खुले में सोने से रोका जाए और उनके लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जाए। उन्होंने इन केंद्रों में सुरक्षा उपायों के साथ जरूरी अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। बैठक में हाथियों से प्रभावित मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा सहायता देने की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश पुलिस और वन विभाग को दिए गए। जंगलों में अवैध शराब निर्माण की शिकायतों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने आबकारी विभाग को पुलिस और वन विभाग के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वन मंडलाधिकारी श्री जितेंद्र उपाध्याय ने बैठक के एजेंडे प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि सर्पदंश, किंग कोबरा सहित जहरीले सांपों के रेस्क्यू के लिए वन विभाग के साथ नोवा नेचर की टीम उपलब्ध रहती है। सूचना मिलने पर टीम सामान्यतः 10 से 15 मिनट के भीतर पहुंच सकती है। आवश्यकता पड़ने पर कोई भी विभाग टीम को सूचित कर सकता है। किसानों की ओर से जंगली हाथियों और जंगली सूअरों से फसलों तथा सब्जियों की सुरक्षा के लिए खेतों और बाड़ियों की घेराबंदी पर भी चर्चा की गई। बाजार में तार फेंसिंग के लिए उपयोग होने वाले तारों की बिक्री संबंधी सूची वन परिक्षेत्र कार्यालय में उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने हेतु जिला दंडाधिकारी श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशे की रोकथाम, तंबाकू नियंत्रण, नशा मुक्ति केंद्र के संचालन, जनजागरूकता तथा अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विभागवार चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले के तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनने हेतु शेष शैक्षणिक संस्थानों को भी शीघ्र तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने कहा। उन्होंने तंबाकू मुक्त घोषित सभी शैक्षणिक संस्थानों में ‘तंबाकू मुक्त संस्थान’ का बोर्ड प्रमुखता से प्रदर्शित करने निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने की बात कही। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से नशा मुक्ति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने तथा नियमित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने जिले में अवैध शराब एवं नशीले उत्पादों के निर्माण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब के अवैध निर्माण से जुड़े स्थानों संलिप्त लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक परिसरों में असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई करने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने नशे के विरुद्ध अभियान को जनसहभागिता से व्यापक स्वरूप देने पर जोर देते हुए विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को निरंतर संचालित करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्परता से आवश्यक कदम उठाने कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा श्री जितेंद्र उपाध्याय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर श्री इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज अपने कक्ष में स्वर्गीय श्री रविन्द्र कुमार जायसवाल के ज्येष्ठ पुत्र श्री राहुल कुमार जायसवाल को पटवारी (प्रशिक्षु) पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का पत्र सौंपा। इस अवसर पर कलेक्टर ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए शासकीय दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
स्वर्गीय श्री रविन्द्र कुमार जायसवाल तहसील कार्यालय दर्री में राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। शासकीय सेवा के दौरान 30 मई 2026 को उनका निधन हो गया था। उनके आश्रित परिवार को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से शासन के नियमों एवं निर्देशों के अनुरूप विभागीय छानबीन और चयन समिति की अनुशंसा के बाद श्री राहुल कुमार जायसवाल को पटवारी प्रशिक्षण के लिए योग्य पाया गया। नियुक्ति आदेश के अनुसार श्री राहुल कुमार जायसवाल को नियमानुसार पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद शासन के निर्देशों के अनुसार पटवारी पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया की जाएगी। नियुक्ति निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अधीन है।
कटघोरा, 06 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कटघोरा विकासखंड के ग्राम कसाईपाली में आज सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 94 का मौके पर निराकरण किया गया। शेष 8 आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। शिविर में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई कंवर, एसडीएम एवं आईएएस श्री विपिन दुबे, जनपद पंचायत सीईओ श्री कमलकांत श्रीवास, तहसीलदार, 52 पंचायतों के सरपंच तथा विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक श्री पटेल ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। जनपद पंचायत द्वारा पेंशन के आवेदनों का तत्काल निराकरण कर पेंशन स्वीकृति दी गई। पात्र हितग्राहियों को जॉब कार्ड, आवास और राशन कार्ड से संबंधित लाभ भी प्रदान किए गए। बिहान समूह की चार महिलाओं को कुल 12 लाख रुपये का ऋण दिया गया तथा 30 महिलाओं को लखपति दीदी प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 5 बच्चों का अन्नप्राशन और 6 महिलाओं की गोदभराई कराई गई। श्रम विभाग के माध्यम से 8 लोगों के श्रम कार्ड बनाए गए तथा एक बच्चे को श्रम कार्ड के तहत 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। शिविर में 4 आधार कार्ड और 13 ऋण पुस्तिकाओं का भी वितरण किया गया। विधायक श्री पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में सेवा सेतु शिविर लगाकर लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकता के अनुसार उनका लाभ उठा सकें।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/कृषि विभाग एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की क्रियान्वयन एजेंसी एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आज कार्यक्रम आयोजित कर जिले की छह महिला कृषकों को सम्मानित किया गया। इन कृषकों ने विगत वर्षों में योजना के तहत फसल बीमा कराकर इसका लाभ प्राप्त किया है। उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित किट प्रदान की गई। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किया है। इसका उद्देश्य वैश्विक कृषि में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देना है। महिला किसान फसल उत्पादन, पशुपालन, कृषि वानिकी, मत्स्य पालन, बागवानी, कटाई पूर्व गतिविधियों, कटाई के बाद प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन सहित कृषि क्षेत्र के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इसी क्रम में जिले की महिला किसानों के कृषि क्षेत्र में योगदान को सम्मान देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के सहायक संचालक कृषि, योजना के शाखा प्रभारी तथा क्रियान्वयन एजेंसी ।प्ब् के जिला एवं विकासखंड स्तरीय समन्वयक उपस्थित रहे।
कोरबा, 06 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के अनुसार कोरबा जिले में छूटे हुए और नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी, जिनका नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है। इसमें पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवा भी शामिल हैं। मतदाता सूची के सतत अद्यतीकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और मतदाता सूची में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters-eci-gov-in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
कोरबा 06 अक्टूबर 2026/पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिलासपुर (छ.ग.) से सम्बद्ध अध्ययन केन्द्र शासकीय ई. व्ही. पी. जी. महाविद्यालय कोरबा एवं अध्ययन केंद्र शासकीय मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय कटघोरा में विभिन्न संकायों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश अधिसूचना के तहत शासकीय ई. व्ही. पी. जी. महाविद्यालय कोरबा में विश्वविद्यालय द्वारा संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा एवं कौशल विकास कार्यक्रम पाठ्यक्रमों में स्नातक कोर्स अंतर्गत ,बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, स्नाकोत्तर कोर्स के अंतर्गत एमएसी (बॉटनी, जूलॉजी, कम्प्यूटर, गणित) एमए, एमएसडब्ल्यू, एमबीए , पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा अंतर्गत पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, डिप्लोमा कोर्स अंतर्गत डिप्लोमा इन योग साइंस, कम्प्यूटर एप्लिकेशन, सहित अन्य पाठ्यक्रम शामिल है। अधिक जानकारी एवं प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन हेतु इच्छुक विद्यार्थी सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्री जीके.गढ़ेवाल मो.नं. 7489701037, समन्वयक सहायक श्री राजेश सक्सेना मो.नं.7067043721 अध्ययन केन्द्र शासकीय ई. व्ही. पी. जी. महाविद्यालय, कोरबा (पुराना आर.टी.ओ., तहसील रोड, एन.सी.सी. कार्यालय परिसर) में संपर्क कर सकते हैं। इसी प्रकार कटघोरा के अध्ययन केंद्र शासकीय मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय में भी विभिन्न पाठ्यक्रमों स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा , पीजी डिप्लोमा सहित विभिन्न कोर्स के लिए 13 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश प्रारंभ है। अधिक जानकारी के लिए अध्ययन केंद्र प्रभारी श्री अमित कुमार वर्मा 8839838260, 9752300719 से सम्पर्क कर सकते है।









