Ro no D15139/23

राज्य डेयरी उद्यमिता योजना से मनोज कुमार पटेल ने संवारा पशुपालन का व्यवसाय

 
दूध उत्पादन से प्रतिदिन ₹1,200 की आय, मेहनत और विभागीय सहयोग से मजबूत हुई आजीविका

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/   पशुपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं। राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के तहत मिले अनुदान और पशुपालन विभाग के सहयोग से लमगांव निवासी मनोज कुमार पटेल ने डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। मनोज कुमार पटेल बताते हैं कि उन्हें पशुपालन विभाग की ओर से राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के तहत अनुदान प्राप्त हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने गायों के पालन-पोषण और डेयरी व्यवसाय को विकसित करने में किया। आज वे प्रतिदिन लगभग 30 लीटर दूध का विक्रय कर रहे हैं, जिससे उन्हें करीब ₹1,200 प्रतिदिन की आय प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि दूध बिक्री से महीने में लगभग ₹30 से ₹35 हजार रुपये की आय होती है। पशुओं के चारा, देखभाल और अन्य खर्चों के बाद करीब ₹15 हजार रुपये की बचत हो जाती है। इस तरह वे सालाना लगभग ₹1 से डेढ़ लाख रुपये तक की बचत कर पा रहे हैं। मनोज कुमार पटेल ने कहा कि पशुपालन विभाग से मिले अनुदान और मार्गदर्शन ने उनके डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इसके लिए पशुपालन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

 
सरगुजा के महाविद्यालयों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान
17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किया जाएगा प्रेरित, 5 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/    भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरगुजा जिले के महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सरगुजा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में तिथिवार जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नव-प्रवेशित एवं युवा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 5 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। ऑनलाइन माध्यम से आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को विधानसभा क्षेत्रवार संबंधित स्वीप कार्यालय में जमा कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई, अम्बिकापुर में मतदान गीत, 8 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, अम्बिकापुर में पोस्टर निर्माण, 9 अक्टूबर को शासकीय राजमोहिनी देवी महाविद्यालय, अम्बिकापुर में रंगोली तथा 10 अक्टूबर को श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय, अम्बिकापुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर को राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में स्लोगन लेखन, 13 अक्टूबर को सरस्वती महाविद्यालय, अम्बिकापुर में मानव श्रृंखला, 14 अक्टूबर को हॉली क्रॉस महिला महाविद्यालय, अम्बिकापुर में चित्रकला तथा 15 अक्टूबर को शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर में नुक्कड़-नाटक आयोजित होगा।
आगे 22 अक्टूबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, अम्बिकापुर में रंगोली, 23 अक्टूबर को शासकीय पॉलिटेक्निक अम्बिकापुर में निबंध लेखन तथा 24 अक्टूबर को शासकीय राजकुमार धीरज सिंह महाविद्यालय, उदयपुर में मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।
26 अक्टूबर को शासकीय नवीन महाविद्यालय, लखनपुर में रैली, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बिकापुर में नारा लेखन तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय कमलेश्वरपुर, मैनपाट में मानव श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को हॉली क्रॉस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अम्बिकापुर में विपणन (मतदाता जागरूकता) गतिविधि तथा शासकीय महाविद्यालय, बतौली में नुक्कड़-नाटक, 28 अक्टूबर को शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, अम्बिकापुर में वाद-विवाद, 29 अक्टूबर को ए.के. सरकार कॉलेज, सीतापुर में मतदाता जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, जबकि 30 अक्टूबर को कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय, लुण्ड्रा में पोस्टर निर्माण किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम आयोजित कराने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही विशेष शिविर से एक दिन पूर्व विद्यार्थियों को इसकी सूचना देने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पात्र 17़ युवाओं को अग्रिम रूप से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया से जोड़ना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

 
 
सरगुजा में 17 वर्ष से अधिक के युवाओं के मतदाता पंजीयन के लिए 5 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
विद्यालयों में गठित नोडल ईएलसी के माध्यम से लगेंगे विशेष शिविर, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को किया जाएगा जागरूक

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/    भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों के पंजीयन के लिए 5 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में गठित नोडल ईएलसी (Electoral Literacy Club) के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ऐसे व्यक्ति जिनका नाम वर्तमान में मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है अथवा जिनका नाम पूर्व में मतदाता सूची से हटा दिया गया है, वे भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे। विद्यालयों में विशेष शिविर के माध्यम से पात्र युवाओं की पहचान कर उनके मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
जारी निर्देश के अनुसार विद्यालयों में 17+ आयु वर्ग के युवाओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाना है। इसके लिए सभी विद्यालयों में विशेष कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं को पंजीयन प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त फॉर्म-6 को विधानसभा क्षेत्रवार संकलित कर स्वीप कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
विशेष शिविर में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के लिए कहा गया है। इनमें कक्षा 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पिता/घर के सदस्यों के वोटर आईडी नंबर तथा पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।
विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे विशेष शिविर के आयोजन की सूचना एक दिन पूर्व छात्र-छात्राओं को दें, ताकि पात्र युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
यह विशेष अभियान युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ-साथ मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को समय पर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराते हुए उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 
 
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर सरगुजा संभाग में  आज होगी बैठक
8 अक्टूबर को अम्बिकापुर में आयोजित बैठक में सरगुजा, बलरामपुर- रामानुजगंज,एमसीबी, सूरजपुर एवं कोरिया जिले के प्रतिनिधि होंगे शामिल
9 अक्टूबर को जशपुर जिले में होगी बैठक


अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/
  छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के लिए सरगुजा संभाग में दो दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। समान नागरिक संहिता समिति के सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार बैठक 8 अक्टूबर 2026 को अंबिकापुर और 9 अक्टूबर 2026 को जशपुर में होगी। पत्र के अनुसार 8 अक्टूबर को अंबिकापुर में शासकीय पीजी काॅलेज आडिटोरिम में दोपहर 3 बजे बैठक रखी गई है। इसमें सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और कोरिया जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जशपुर में बैठक होगी, जिसमें जशपुर जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने जिलों के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों तथा निगम/मंडल/आयोग के प्रतिनिधियों को उपस्थित होने का अनुरोध किया है। संभागायुक्त ने संबंधित जिलो के कलेक्टरो को इसका प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये हैं।

 
 
सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान
सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर में 500 स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की हुई स्वास्थ्य जांच
सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से दिया गया प्रशिक्षण
एसएलआरएम केंद्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्वच्छता दीदियों को किया गया सम्मानित

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/   सेवा संकल्प अभियान के स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 500 स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर के दौरान सफाई कार्य में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर एसएलआरएम केंद्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया।

शिविर में महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम आयुक्त सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।

 
 
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नमनाकला में वार्षिक आमसभा 10 अक्टूबर को

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/ आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित नमनाकला की वार्षिक आमसभा की बैठक 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। समिति कार्यालय के प्रांगण में होने वाली इस बैठक में समिति के सभी कृषक सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार वार्षिक आमसभा में समिति के कार्यों, गतिविधियों तथा कृषक सदस्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

  • Related Posts

    सेवा सेतु शिविर में बना जयेश्वर का केसीसी कार्ड, खाद-बीज लेने में होगी आसानी

    दरिमा तहसील में किया था आवेदन, केसीसी कार्ड बनने से कृषि कार्यों के लिए मिलेगी सुविधा सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का हो रहा समाधान’ अम्बिकापुर…

    Read more

    ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

    पीजी कॉलेज के हॉकी मैदान में 76×76 फीट की रंगोली में वीर सैनिकों के शौर्य और यश को किया प्रदर्शित अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026/   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत…

    Read more

    NATIONAL

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष देश को समर्पित – स्मृति इरानी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष देश को समर्पित –  स्मृति इरानी

    चुनाव आयोग के खिलाफ CJP और INDIA गठबंधन का आंदोलन: मुद्दा एक, रास्ता अलग; जानिए दोनों में क्या है समानता और अंतर

    चुनाव आयोग के खिलाफ CJP और INDIA गठबंधन का आंदोलन: मुद्दा एक, रास्ता अलग; जानिए दोनों में क्या है समानता और अंतर

    गुजरात CM से तीसरी बार प्रधानमंत्री तक, सरकार के मुखिया के तौर पर PM मोदी के 25 साल पूरे

    गुजरात CM से तीसरी बार प्रधानमंत्री तक, सरकार के मुखिया के तौर पर PM मोदी के 25 साल पूरे

    राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस

    राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’

    दिल्ली पुलिस ने मीडिया गाइडलाइन जारी की, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले अपना नेम टैग लगाओ’