
अम्बिकापुर 10 अक्टूबर 2026/ विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के कलऊ राम के प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) ने जीवन में नया बदलाव लाया है। कभी कच्चे मकान में रहने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करने वाले कलऊ राम आज पक्के आवास में सुविधाजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनके घर तक सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधा पहुंचने से परिवार की वर्षों पुरानी परेशानियां दूर हुई हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलऊ राम की यह कहानी जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजातीय परिवारों के जीवन में आ रहे बदलाव को दर्शाती है।
जंगल से लकड़ियां जुटाने की मजबूरी हुई खत्म, मिला सुरक्षित आशियाना
कलऊ राम बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। घर बनाने और मरम्मत के लिए जंगल से लकड़ियां लानी पड़ती थीं। इसमें समय और मेहनत दोनों लगते थे। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का आवास मिलने से अब उन्हें इन परेशानियों से छुटकारा मिल गया है। परिवार को स्थायी आशियाना मिलने के साथ बेहतर रहन-सहन की सुविधा प्राप्त हुई है।
पिता ने झेली रास्ते की परेशानी, अब घर के दरवाजे तक पहुंची सड़क
कलऊ राम के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव गांव तक सड़क का पहुंचना है। उन्होंने बताया कि पहले गांव में सड़क नहीं होने से आवागमन कठिन था। उनके पिता ने भी वर्षों तक इन समस्याओं का सामना किया। अब घर के दरवाजे तक सड़क पहुंच जाने से परिवार का आवागमन आसान हो गया है। यह सुविधा उनके लिए पीढ़ियों पुरानी परेशानी से मुक्ति का प्रतीक बन गई है।
बिजली, पानी और गैस चूल्हे से आसान हुई दिनचर्या
कलऊ राम के परिवार को अब बिजली, नल और हैंडपंप से पेयजल तथा गैस चूल्हे की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा उन्हें मोबाइल, रेडियो और छाता भी प्राप्त हुआ है। इन सुविधाओं से दैनिक जीवन में सहूलियत बढ़ी है। कलऊ राम बताते हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी भटकना पड़ता था, लेकिन अब आवश्यक सुविधाएं घर और गांव में ही उपलब्ध हैं।
बुनियादी सुविधाएं के शासन का जताया आभार
अपने जीवन में आए बदलाव से उत्साहित कलऊ राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पहले हम लोगों को बहुत परेशानी होती थी। जंगल से लकड़ी लाकर घर बनाते थे। हमारे पिताजी ने भी सड़क नहीं होने की परेशानी झेली है। अब पक्का घर मिल गया है, दरवाजे तक सड़क आ गई है। बिजली, पानी और गैस चूल्हे की सुविधा भी मिल रही है। अब किसी चीज के लिए पहले की तरह भटकना नहीं पड़ता। हम बहुत खुश हैं।
जनजातीय परिवारों के जीवन में बदलाव की मिसाल बने कलऊ राम
प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पक्का आवास प्राप्त करने वाले कलऊ राम की उपलब्धि केवल एक मकान तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवार को बेहतर जीवन की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिला है। कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का उनका सफर विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के जीवन में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक कहानी है।
अम्बिकापुर 10 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने एवं पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय, डिगमा, अम्बिकापुर में मतदाता पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया में सहभागिता की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 17 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन कराने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में आवश्यक सुधार के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। साथ ही युवाओं को बताया गया कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा अग्रिम आवेदन कर सकते हैं, जबकि निर्धारित अर्हता तिथि पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद नियमानुसार उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकता है।
युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए किया गया प्रेरित
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व तथा एक जागरूक मतदाता के रूप में उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, मतदाता विवरण की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार संशोधन कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता के रूप में पंजीकृत होकर निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
स्वीप एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्यों की रही सक्रिय सहभागिता
शिविर का आयोजन जिला प्रशासन से श्री रजनीश मिश्रा, महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुमन मिंज तथा स्वीप कैंपस एम्बेसडर निशा निषाद एवं चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वीप समिति के सदस्य डॉ. अजय कुमार तिवारी, श्री देवेन्द्र दास सोनवानी एवं श्रीमती आकांक्षा श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिविर के संचालन में स्वीप, निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इनमें तृप्ति साहू, एकता रानी साहू, हृदय यादव, हिमांशु शर्मा, आशीष दास, मनीष कुमार रवि, श्रवण आयाम, अमित मरावी, संजू लकड़ा, जैनेट कुजूर एवं सात्विक राज सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सहयोग प्रदान किया।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस शिविर के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीयन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महाविद्यालय परिवार, स्वीप समिति एवं विद्यार्थियों के सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









