Ro no D15139/23

(अम्बिकापुर समाचार)हार-जीत से किसी की काबिलियत कम नहीं होती, खेल में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि-महापौर मंजूषा भगत ओवरऑल चैंपियनशिप में रायपुर रहा प्रथम  26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

अम्बिकापुर 26 अक्टूबर 2026/   खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन मन में सुनहरी यादें छोड़कर गया। संभागीय मुख्यालय- अंबिकापुर जिला सरगुजा में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह आज मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 404 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने विभिन्न खेल विधाओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत और सम्मानित किया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में हार-जीत लगी रहती है। खेल प्रतियोगिता में शामिल होकर खेलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। आप सभी अपनी प्रतिभा और काबिलियत के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। हार और जीत का अंतर किसी की काबिलियत को कम नहीं करता। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
इस इसके अलावा महापौर ने सभी छात्र छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी खूब मेहनत करें और राष्ट्रीय खेलों प्रतिस्पर्धाओं में अपनी सहभागिता दे और राज्य के साथ अपने स्कूल , शिक्षक और माता पिता सभी का नाम रोशन करें।

विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों के अनुसार बैडमिंटन 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में 17 वर्ष में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा, जबकि बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
बास्केटबॉल 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा।
फुटबॉल 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा, जबकि 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
सॉफ्ट टेनिस 14 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और सरगुजा तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 19 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।

ओवरऑल चैंपियनशिप में रायपुर प्रथम
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की ओवरऑल रैंकिंग में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दुर्ग दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा। सरगुजा ने चतुर्थ तथा बस्तर ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समापन समारोह में खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आकर्षक आयोजन किया गया। हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पश्चिम बंगाल की पारंपरिक वेशभूषा में बंगाली गीतों और पश्चिम बंगाल की संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, वहीं बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं मास्टर ऑफ सेरेमनी विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट का आयोजन किया गया।
इस समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संयुक्त संचालक शिक्षा डाॅ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश झा तथा डीएमसी सर्वजीत पाठक सहित, खेल के नोडल अधिकारी श्री रविशंकर पाण्डेय एवं अन्य अतिथि, अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

 
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती हेतु अंतिम सूची जारी, 5 नवम्बर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित


अम्बिकापुर 26 अक्टूबर 2026/
एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (शहरी) के परियोजना अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (शहरी) में रिक्त आंगनबाड़ी सहायिका के 01 पद आंगनबाड़ी केन्द्र खालपारा वार्ड क्रमांक 06 में भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। जिसकी अंनतिम सूची प्रकाशन कर विभागीय वेवसाइट  https://aww.ebharti.in द्वारा आनलाईन दावा आपत्ति 26 अक्टूबर 2026 से 05 नवम्बर 2026 तक आंमत्रित की गई है। निर्धारित अवधि में दावा आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।

 
साइबर सुरक्षा की बारीकियों से रूबरू हुए कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थी, साइबर सेल अम्बिकापुर में लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
साइबर अपराधों की रोकथाम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की मिली जानकारी

अम्बिकापुर 26 अक्टूबर 2026/ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रोकथाम संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने साइबर सेल अम्बिकापुर का शैक्षणिक भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा की अनुमति तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सिन्हा एवं कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष सुश्री मोनिका खेस के मार्गदर्शन में “Cyber Security Awareness: On-Field Experience of Digital Security and Law at Cyber Cell Ambikapur” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय सहायक प्राध्यापक श्री उमेश पांडेय, श्री विनोद कुमार गुप्ता एवं श्री अनुभव श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रेंज साइबर थाना प्रभारी श्री अश्वनी सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, डिजिटल अपराधों की पहचान, अपराध अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली का किया प्रदर्शन
साइबर विशेषज्ञ अधिकारी श्री गणेश कदम ने विद्यार्थियों को शहर की आधुनिक निगरानी व्यवस्था, सर्विलांस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा प्रणाली, फेस डिटेक्शन, व्हीकल डिटेक्शन तथा आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की तकनीकों से अवगत कराया। उन्होंने साइबर सेल में उपयोग किए जा रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सिस्टम का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी कार्यप्रणाली से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

केस स्टडी के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
प्रशिक्षण के दौरान उपनिरीक्षक श्री अभय तिवारी ने विभिन्न साइबर अपराधों के उदाहरण एवं केस स्टडी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, वित्तीय धोखाधड़ी, मोबाइल गुम होने, ब्लैकमेलिंग, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक, इंटरनेट, नेटवर्किंग एवं सर्विलांस सिस्टम की सहायता से आपराधिक गतिविधियों की पहचान तथा अपराधियों तक पहुंचने में किस प्रकार मदद मिलती है।
इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से सावधान रहने तथा धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

डायल 112 एवं महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की मिली जानकारी
कंट्रोल रूम में डायल 112 के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता सेवा की कार्यप्रणाली, यातायात नियंत्रण प्रणाली तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर संचालित आपातकालीन सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा की दृष्टि से 112 इंडिया ऐप एवं लोकेशन आधारित आपातकालीन सहायता सुविधाओं के उपयोग के बारे में बताया गया।

साइबर हेल्पलाइन नंबर एवं शिकायत पोर्टल की दी जानकारी

साइबर थाना प्रभारी श्री अश्वनी सिंह एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा विभिन्न ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों की जानकारी दी। साथ ही सीईआईआर पोर्टल सहित अन्य संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिकायत दर्ज करने एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया समझाई गई।
इस शैक्षणिक भ्रमण में कंप्यूटर साइंस विभाग के एमएससी एवं बीएससी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने साइबर सेल की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन कर डिजिटल सुरक्षा, आधुनिक निगरानी तकनीकों एवं साइबर अपराध अनुसंधान से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं।

 
प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु चयन सूची जारी

अम्बिकापुर 26 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय (घंघरी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ ओपन काउंसलिंग में प्राप्त आवेदनों के आधार पर चतुर्थ चयन सूची जारी कर दी गई है। चयन सूची मेरिट क्रम के अनुसार विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर प्रदर्शित की गई है।
आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशानुसार चयनित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) से उत्तीर्ण अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र (लागू होने की स्थिति में) प्रस्तुत करना होगा।
इसके अतिरिक्त प्रवेश की पात्रता होने पर दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) एवं जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयनित विद्यार्थियों को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में ही प्रवेश लेना होगा। विद्यालय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।
चयन सूची एवं अन्य जानकारी के लिए विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट  https://eklavya.cg.nic.in/  का अवलोकन कर सकते हैं।

  • Related Posts

    धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूर्ण करें, किसानों को न हो किसी प्रकार की असुविधा : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

    उपार्जन केन्द्रों में तौल, बारदाना, बिजली, इंटरनेट एवं भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश   मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को फसल सुरक्षा के लिए करें…

    Read more

    धमतरी की वनोपज मंडी में औषधीय उत्पादों के कारोबार को मिल रहा विस्तार

    श्यामतराई मंडी में स्थानीय सहित आसपास के जिलों से पहुंच रहे वनोपज संग्राहक और स्व-सहायता समूह   धमतरी, 26 अक्टूबर 2026/ धमतरी जिले की पहचान और समृद्ध व्यापारिक विरासत से…

    Read more

    NATIONAL

    एनटीपीसी कहलगाँव में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

    एनटीपीसी कहलगाँव में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ  कर्मचारियों ने ली भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

    Investigation : स्ट्रीट फूड बिजनेस से घर चला रही बिहार की 52% महिलाएं, राष्ट्रीय औसत को पछाड़ पहुंची देश में दूसरे नंबर पर

    Investigation : स्ट्रीट फूड बिजनेस से घर चला रही बिहार की 52% महिलाएं, राष्ट्रीय औसत को पछाड़ पहुंची देश में दूसरे नंबर पर

    हर साल नया बवाल, डॉक्यूमेंट्री पर रोक से लेकर गोलीकांड तक, कब-कब जामिया बना ‘बवालिया’

    हर साल नया बवाल, डॉक्यूमेंट्री पर रोक से लेकर गोलीकांड तक, कब-कब जामिया बना ‘बवालिया’

    Rahul Gandhi Defamation Case: राहुल गांधी के मानहानि केस में आज फैसला, सुल्तानपुर कोर्ट में होंगे पेश, जानें पूरा मामला

    Rahul Gandhi Defamation Case: राहुल गांधी के मानहानि केस में आज फैसला, सुल्तानपुर कोर्ट में होंगे पेश, जानें पूरा मामला

    भागलपुर में 27 अक्टूबर को होगा ‘युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ महानाट्य का मंचन, प्रवेश निःशुल्क

    भागलपुर में 27 अक्टूबर को होगा ‘युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ महानाट्य का मंचन, प्रवेश निःशुल्क

    काश हर अफसर ऐसा हो ये तरीका जनता के लिये हितकारी बहुत साल पहले दुर्गा काॅलेज के प्रिंसिपल हुआ करते थे…. रणवीर सिंह शास्त्री।

    काश हर अफसर ऐसा हो ये तरीका जनता के लिये हितकारी बहुत साल पहले दुर्गा काॅलेज के प्रिंसिपल हुआ करते थे…. रणवीर सिंह शास्त्री।