
10 वीं पास से स्नातक और तकनीकी योग्यता वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा रोजगार का अवसर
धमतरी, 26 अक्टूबर 2026/ बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कम्पोजिट भवन धमतरी में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 630 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।
उपसंचालक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी डॉ. शशीकला अतुलकर बताया कि मेले में ग्लोबल एचआर सॉल्यूशन एंड कंसल्टेंट, आमधानी प्राइवेट लिमिटेड, हुमिल्टी फाइनेंशियल सॉल्यूशन, स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विस सोसायटी तथा स्वतंत्र माइक्रो फाइन प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी।
10 वीं पास से स्नातक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए 10 वीं, 12 वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, जीएनएम, एएनएम तथा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदकों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेना होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार की फोटो साथ लाना आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य, प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार एप अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल http://erojgar.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का निःशुल्क नहीं लिया जाएगा। जिले के इच्छुक एवं योग्य युवा इस अवसर का लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने की दिशा में पहल कर सकते हैं।









