
पैतृक ग्राम भेंडरा पहुंचकर तैलचित्र पर अर्पित किए श्रद्धासुमन, शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर बंधाया ढाढ़स
रायपुर, 02 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री श्री अग्रवाल बालोद जिले के ग्राम भेंडरा स्थित स्व. कोर्सेवाड़ा के पैतृक निवास पहुंचे और उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया तथा दुःख की इस घड़ी में अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन प्रदेश के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, समर्पण और जनसेवा की भावना से प्रेरित रहा। उन्होंने अपने सरल एवं सहज व्यक्तित्व के माध्यम से समाज और सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि स्व. कोर्सेवाड़ा ने जनहित को सदैव सर्वोपरि रखा। समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता, लोगों से आत्मीय जुड़ाव के लिए किया गया उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन जनसेवा और समर्पण की ऐसी प्रेरणादायी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।
श्री अग्रवाल ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि किसी प्रियजन का बिछड़ना परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है। दुःख की इस घड़ी में हम सभी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।
मंत्री श्री अग्रवाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की स्मृतियां, उनके आदर्श और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेगा।









