Ro no D15139/23

( अम्बिकापुर समाचार) घर की चारदीवारी में हुनर को मिला रोजगार, बिहान से लखपति दीदी बनीं शनिचरी

 
दोना-पत्तल निर्माण से लेकर सिलाई और बांस शिल्प तक, कई व्यवसायों से संवार रही हैं परिवार का भविष्य
कभी रोजी-रोटी के लिए करनी पड़ती थी मजदूरी, अब पति के साथ घर पर ही चला रही हैं स्वरोजगार
बिहान योजना से मिले एक लाख रुपये के ऋण ने बदली जिंदगी, आर्थिक मजबूती के साथ बढ़ा आत्मविश्वास

अम्बिकापुर 16 नवम्बर 2026/ हुनर और मेहनत को जब सही अवसर और आर्थिक सहयोग मिलता है, तो आत्मनिर्भरता की राह आसान हो जाती है। सरगुजा जिले में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के हुनर को आजीविका का साधन बनाकर उनके जीवन में नई खुशियां ला रही है। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमगरा कलां की रहने वाली श्रीमती शनिश्चरी माही महिला स्व-सहायता समूह की सचिव इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। कभी परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए दूसरों के यहां मजदूरी करने वाली यह महिला आज अपने घर पर ही कई तरह के व्यवसाय संचालित कर लखपति दीदी बन गई हैं।

एक मशीन से शुरू हुआ सफर, कई व्यवसायों तक पहुंचा
बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। समूह के माध्यम से एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। मशीन से दोना-पत्तल तैयार करने का कार्य शुरू किया, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होने लगी। इसके साथ ही उन्होंने सिलाई, पुराने कपड़ों से कथरी (गुदड़ी) तैयार करने और बांस से विभिन्न उपयोगी सामग्री बनाने का काम भी अपनाया। आज ये सभी गतिविधियां उनकी आजीविका का आधार बन गई हैं।

अब मजदूरी की तलाश नहीं, घर पर ही मिल रहा रोजगार
वे बताती हैं कि समूह से जुड़ने से पहले उनके पास रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं था। घर की जरूरतें पूरी करने के लिए इधर-उधर मजदूरी करनी पड़ती थी। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अपने घर में ही काम करने से उन्हें नियमित रूप से आजीविका गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उनके पति भी व्यवसाय में हाथ बंटाते हैं। दोनों मिलकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं और अपने तीनों बच्चों की पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं।

आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ मिली नई पहचान
बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में केवल आर्थिक बदलाव ही नहीं आया, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान भी बढ़ा है। पहले जहां परिवार चलाने के लिए मजदूरी पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे स्वयं अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं। लखपति दीदी बनने की उपलब्धि ने उन्हें आगे बढ़ने का नया उत्साह दिया है।

अपनी खुशी साझा करते हुए उन्होंने कहा, पहले मैं मजदूरी करके घर चलाती थी। समूह से जुड़ने के बाद एक लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी। अब सिलाई और बांस का काम भी करती हूं। मेरे पति भी साथ में काम करते हैं। आज मैं अपने घर में रहकर रोजगार कर रही हूं और लखपति दीदी बन गई हूं।

मुख्यमंत्री विष्णु भईया को दिया धन्यवाद
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहान योजना से महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु भईया के सुशासन में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर रही हैं।

माही महिला स्व-सहायता समूह की इस लखपति दीदी की कहानी बताती है कि ग्रामीण महिलाओं के पास मौजूद हुनर को आर्थिक सहयोग मिले, तो घर ही रोजगार का केंद्र बन सकता है। बिहान योजना के माध्यम से महिलाएं अपनी मेहनत को आय में बदलकर परिवार की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रही हैं।

 
किसानों के हित में बड़े फैसलेः कम धान बेचने पर भी मिलेगी 13,839 रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता, गन्ने की कीमत 425 रुपए प्रति क्विंटल
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मीडिया को किसान कल्याण की योजनाओं और निर्णयों की दी जानकारी

अम्बिकापुर 16 नवम्बर 2026/ किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने, कृषि को लाभकारी बनाने और खेती के क्षेत्र में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब किसानों को निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की एक समान आदान सहायता राशि मिलेगी। वहीं गन्ना उत्पादक किसानों के लिए उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि करते हुए इसे 425 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। इन फैसलों के साथ दलहन, तिलहन एवं श्री अन्न की खेती को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रेसवार्ता में इन किसान हितैषी निर्णयों की जानकारी दी।

किसान कल्याण से जुड़े इन महत्वपूर्ण निर्णयों के संबंध में आज अम्बिकापुर स्थित कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें जिले के पत्रकार शामिल हुए। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता में कृषक उन्नति योजना, गन्ना प्रोत्साहन राशि, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान तथा मिलेट्स उपार्जन सहित कृषि क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगा पूरा लाभ
कृषक उन्नति योजना में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अब किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की एक समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। पहले किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जन के आधार पर 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से न्यूनतम समर्थन मूल्य और निर्धारित राशि के अंतर का भुगतान किया जाता था। अब नए प्रावधान से किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने पर भी प्रति एकड़ के मान से सहायता राशि प्राप्त कर सकेंगे। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों, लघु एवं सीमांत किसानों तथा जनजातीय अंचलों के किसानों को विशेष राहत मिलेगी। किसान अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार धान विक्रय कर सकेंगे।

धान के साथ दूसरी फसलों की खेती पर भी मिलेगा प्रोत्साहन
राज्य सरकार किसानों को धान के अलावा अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि 11 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की गई है। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपए दिए जाने का प्रावधान है। कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

गन्ने की उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि, किसानों को मिलेगा बेहतर मूल्य
गन्ना उत्पादक किसानों के लिए भी राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पिछले आठ वर्षों से 355 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित गन्ने की उपार्जन दर को बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) और राज्य शासन की घोषित उपार्जन दर के अंतर की राशि किसानों को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाती है। इस बढ़ी हुई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी दिया जा रहा है।

प्रदेश के चार शक्कर कारखानों से संबद्ध किसानों को रिकवरी प्रतिशत के आधार पर अलग-अलग दरों से भुगतान किया जा रहा है। कवर्धा में 488.67 रुपए, पण्डरिया में 455.10 रुपए, बालोद में 432.62 रुपए तथा सूरजपुर में 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को देश के अन्य प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों की तुलना में बेहतर उपार्जन मूल्य मिल रहा है।

दलहन-तिलहन की खरीदी से किसानों को मिलेगा न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के अंतर्गत दलहन एवं तिलहन फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा रहा है। खरीफ में अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंग एवं मूंगफली तथा रबी में चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी की जाएगी। वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल दलहन एवं तिलहन फसलों का उपार्जन किया गया, जिसके एवज में किसानों को 219.08 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।

15 दिसंबर से होगी कोदो, कुटकी एवं रागी की खरीदी
प्रदेश में पारंपरिक मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन किया जाएगा। खरीदी 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक होगी। रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा कोदो एवं कुटकी की खरीदी राज्य शासन द्वारा निर्धारित दर पर की जाएगी। उपार्जित मिलेट्स की आपूर्ति मांग एवं उपलब्धता के अनुसार आंगनबाड़ियों एवं माध्यमिक शालाओं में की जाएगी। इसके साथ ही प्रसंस्करण इकाइयों और अन्य शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थाओं को भी विक्रय किया जाएगा।

राज्य शासन के इन निर्णयों से किसानों को केवल धान की खेती तक सीमित रहने के बजाय अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने का अवसर मिलेगा। प्रति एकड़ आदान सहायता, गन्ने की बढ़ी हुई उपार्जन दर, दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी और मिलेट्स के उपार्जन जैसी पहल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा प्रदेश में कृषि के विविधीकरण को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

 
जमगला धान खरीदी केंद्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया धान खरीदी का शुभारंभ
1,439 पंजीकृत किसानों को मिलेगा समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का लाभ, किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में की गई आवश्यक व्यवस्थाएं

अम्बिकापुर 16 नवम्बर 2026/  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत  सरगुजा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य उत्साहपूर्वक जारी है। इसी क्रम में जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र जमगला के आदिमजाति सहकारी सेवा समिति केंद्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया साथ किसानों से संवाद कर धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसानों को शासन की व्यवस्थाओं का लाभ उठाते हुए सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज विक्रय करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जमगला धान खरीदी केंद्र में कुल करीब 1,439 किसान पंजीकृत हैं। इन किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जाएगा। धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की पारदर्शी एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और धान विक्रय की प्रक्रिया सरल हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को निर्देशित किया कि केंद्र में आने वाले किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं तथा पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करें।

इस वर्ष भी धान खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया गया है। ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को समिति केंद्रों में अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने से राहत मिल रही है।

धान खरीदी केंद्र जमगला में शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं समिति के सदस्यों ने शासन की धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी एवं समिति प्रबंधन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 
कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो, अधिकारी केंद्रों की नियमित जांच करें- कलेक्टर श्री वसंत
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध निराकरण करने दिए निर्देश
स्वामित्व योजना में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर ने तहसीलवार प्रगति की समीक्षा की
जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रगति की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

अम्बिकापुर 16 नवम्बर 2026/  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि एसडीएम अपने क्षेत्र के निर्माण कार्यों की सूची रखें, फील्ड विजिट के दौरान निरीक्षण करें।
वहीं डीएमएफ अंतर्गत वसूली प्रकरणों की स्थिति, डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की जानकारी, जाति प्रमाणपत्र एवं जन्म प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की जानकारी, मुआवजा प्रकरणों सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो-
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर जिले में जारी धान खरीदी की समीक्षा की।  उन्होंने धान खरीदी की प्रगति और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।  पात्र किसानों को धान खरीदी में किसी प्रकार की समस्या ना हो, राजस्व विभाग की टीम नियमित खरीदी केंद्रों में जाकर जांच करें। उन्होंने किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने निर्देशित किया तथा कहा कि सभी समितियों में उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष से अधिक धान खरीदी वाले केंद्रों की जांच करें, अधिकारी स्वयं किसानों से मिलें।  संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील धान खरीदी केंद्रों में विशेष निगरानी रखें।  उन्होंने टोकन सत्यापन, बारदाने की उपलब्धता, स्टेकिंग कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई होगी।

सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा-
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर विभागवार शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने, संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का  गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदक को आवेदन की स्थिति और की गई कार्यवाही  की स्पष्ट जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत के संबंध में पूरी जानकारी हो।

समय सीमा में राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश-
बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 6 माह से पूर्व के सभी प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने डीसीएस कार्य में गम्भीरता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख निर्माण कार्यों की भी तहसीलवार समीक्षा की तथा लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान  सीमांकन, नामांतरण, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, सीमांकन, नामांतरण, आधार सीडिंग, वृक्ष कटाई,  डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब पत्र, जेंडर प्रविष्टि, डीसीएस सर्वे, कोटवारी भूमि, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई।

 
सरगुजा में “जनजातीय गौरव सप्ताह” का होगा भव्य आयोजन
18 नवंबर को राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में सजेगी जनजातीय कला और संस्कृति की छटा, होंगे विविध कार्यक्रम

अम्बिकापुर 16 नवम्बर 2026/  भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 11 से 18 नवंबर तक श्जनजातीय गौरव सप्ताहश् उल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 18 नवंबर 2026 को अम्बिकापुर स्थित स्थानीय राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और उनके गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग अम्बिकापुर डॉ ललित शुक्ला  ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) द्वारा विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियां कराई जाएंगी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व जनजातीय प्रमुखों का होगा सम्मान
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह होगा, जिसमें जनजातीय क्रांति के नायकों एवं जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख जनजाति एवं उप-जनजातियों के प्रमुखों का भी सम्मान किया जाएगा।

प्रदर्शनी, क्राफ्ट और व्यंजन मेले का होगा आयोजन
जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन के तहत ऑडिटोरियम में जनजातीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अंतर्गत क्राफ्ट, कला, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन और पुस्तक मेले के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

संगोष्ठी और प्रतियोगिताओं के जरिए दिखेगी प्रतिभा
युवाओं और आमजनों को जनजातीय संस्कृति से जोड़ने के लिए जनजातीय थीम और विभिन्न विषयों पर संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय विषयों पर आधारित फोटोग्राफी और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे जनजातीय जनजीवन को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
इस वृहद आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वाभिमान, उनके समृद्ध इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से आम जनमानस को परिचित कराना है।

  • Related Posts

    छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान

    *राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले छत्तीसगढ़ के बेलमेटल शिल्पकार*   *कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात*   रायपुर, 16 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ की शिल्प परंपरा और…

    Read more

    सुशासन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री साय

    *मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ*   *डिजिटल दक्षता से बढ़ेगी शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता, नागरिकों को मिलेंगी बेहतर और त्वरित सेवाएं*   *एसबीआई…

    Read more

    NATIONAL

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    स्लग- उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन, भागलपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी

    ASEAN के साथ रिश्ते भारत की Act East Policy का केंद्र, मनीला रवाना होने से पहले बोले PM मोदी

    Kangana Ranaut FIR: सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी’ बताकर फंसीं कंगना रनौत! शिमला पुलिस ने दर्ज की FIR

    Kangana Ranaut FIR: सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी’ बताकर फंसीं कंगना रनौत! शिमला पुलिस ने दर्ज की FIR

    अमेरिका में उड़ानों पर लगी रोक हटी, 7 हजार फ्लाइट्स प्रभावित; पुराने हार्डवेयर में खराबी से ठप हुआ एयर ट्रैफिक

    अमेरिका में उड़ानों पर लगी रोक हटी, 7 हजार फ्लाइट्स प्रभावित; पुराने हार्डवेयर में खराबी से ठप हुआ एयर ट्रैफिक

    Raipur संतो के नेतृत्व में राजभवन तक साधक परिवार की विशाल रैली, राष्ट्रपति से आशा राम बापू के उपचार के लिए रिहाई की मांग

    Raipur संतो के नेतृत्व में राजभवन तक साधक परिवार की विशाल रैली, राष्ट्रपति से आशा राम बापू के उपचार के लिए रिहाई की मांग

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , बस्तर की पावन धरा पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , बस्तर की पावन धरा पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है