

विभिन्न घाटों पर सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों ने की दूध, जल व चाय की व्यवस्था,
एंकर- लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया।
सोमवार की सुबह जिले के विभिन्न गंगा घाटों, तालाबों, पोखरों और घरों में बनाए गए कृत्रिम जलाशयों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

व्रतियों ने विधि- विधान और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इससे पहले रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया था। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व के सभी अनुष्ठान पूरे हुए।
छठ पर्व के दौरान जिले के विभिन्न घाटों पर सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में कच्चा दूध, शुद्ध पेयजल, चाय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। सेवा भाव के साथ लोगों ने व्रतियों और श्रद्धालुओं की सहायता की।
कहलगांव उत्तरवाहिनी गंगा किनारे छठ मां की प्रतिमा स्थापित की गई ।

वहीं, घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कुछ स्थानों पर अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की खबरें भी सामने आईं। कुछ स्थानों पर एक-दो लोगों के साथ दुर्घटना होने की भी सूचना मिली।
इधर, कहलगांव के सतीघाट पर आज सोमवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट होने की खबर सामने आई। इस घटना से घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिले के विभिन्न छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
वहीं एसडीआरएफ की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात रही।
भीड़- भाड़ वाले घाटों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही थी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
छुट-पुट घटनाओं को छोड़ दें तो जिलेभर में छठ महापर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
चार दिनों तक पूरे जिले में आस्था, श्रद्धा, सेवा और भक्ति का माहौल बना रहा।







