
शॉन डफी ने कहा कि तकनीकी समस्या का पता लगा लिया गया है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सेंटर और TRACONs अब काम कर रहे हैं. उन्होंने यात्रियों को आगाह किया कि एयरस्पेस खुलने का मतलब यह नहीं है कि सभी उड़ानें तुरंत शुरू हो जाएंगी. विमानों को रवाना करने की प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि उड़ानों को दोबारा शुरू करने के लिए यह भी देखना होगा कि संबंधित एयरलाइंस के पास पर्याप्त पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट उपलब्ध हैं या नहीं. अगर पर्याप्त क्रू मौजूद हुआ तो शुक्रवार रात ही ज्यादा से ज्यादा उड़ानें रवाना करने की कोशिश होगी. ऐसा नहीं होने पर शनिवार सुबह एयरलाइंस के साथ मिलकर विमानों का संचालन सामान्य करने की कोशिश की जाएगी.
दोपहर 3:36 बजे रडार और कम्युनिकेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी
डफी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 3:36 बजे अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर और TRACONs में रडार और संचार प्रणालियों में अस्थिरता सामने आई. इसके कारण रडार से मिलने वाले आंकड़ों और विमानों के साथ एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के संचार में गड़बड़ी होने लगी.
उन्होंने बताया कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए FAA के पास पहले से तय प्रक्रियाएं हैं. पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर भी ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित होते हैं. इसी प्रक्रिया के तहत पूरे देश में ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू किया गया, यानी विमानों को जमीन पर ही रोकने का आदेश दिया गया.
डफी ने बताया कि उस समय 3,500 से अधिक विमान हवा में थे. सभी ने निर्देशों का पालन किया और सुरक्षित तरीके से लैंडिंग की. उनके मुताबिक, जब उन्होंने आखिरी बार आंकड़े देखे थे, तब एयरस्पेस में 400 से भी कम विमान बचे थे.
मेडिकल और जरूरी सेवाओं वाली उड़ानों को मिली छूट
परिवहन सचिव ने बताया कि ग्राउंड स्टॉप के दौरान कुछ जरूरी उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई थी. इनमें मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी उड़ानें और जरूरी दवाइयां पहुंचाने वाले कार्गो विमान शामिल थे. कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी उड़ानों को भी जारी रहने दिया गया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं था कि सभी TRACONs और रडार पूरी तरह बंद हो गए थे. लेकिन रडार और संचार प्रणाली में आई अस्थिरता को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए एहतियातन उड़ानें रोकने का फैसला लिया गया.
पुराने हार्डवेयर में खराबी से ठप हुआ एयर ट्रैफिक
शॉन डफी ने बताया कि शुरुआती जांच में पुराने हार्डवेयर में खराबी सामने आई है. उन्होंने कहा कि अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम काफी पुराना हो चुका है और इसे आधुनिक बनाने की जरूरत है.
डफी के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले एक साल से कांग्रेस से नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के निर्माण के लिए पर्याप्त फंड देने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस बार समस्या पुराने हार्डवेयर में आई खराबी के कारण हुई.
एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी, यात्रियों से फ्लाइट स्टेटस चेक करने को कहा
अमेरिका में हवाई यातायात बाधित होने का असर भारतीय यात्रियों पर भी पड़ सकता है. एयर इंडिया ने इसे लेकर ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइन ने बताया कि अमेरिका के एयरपोर्ट पर कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी के कारण एयर ट्रैफिक ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं. इसके चलते पूरे देश में ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू किया गया था.
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि इस स्थिति का असर अमेरिका से आने-जाने वाली उसकी उड़ानों पर भी पड़ सकता है. एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं.
एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं. स्थिति से जुड़ा कोई भी नया अपडेट मिलने पर यात्रियों के साथ जानकारी साझा की जाएगी.
यात्री एयर इंडिया की वेबसाइट पर यहां क्लिक करके फ्लाइट स्टेटस चेक कर सकते हैं.
एयरपोर्ट जाने से पहले एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह
डफी ने भी यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क करें. उन्होंने कहा कि एयरस्पेस खुलने के बावजूद उड़ानों का संचालन सामान्य होने में समय लगेगा.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात ज्यादा से ज्यादा उड़ानें शुरू करने की कोशिश की जाएगी. अगर क्रू की कमी या दूसरी परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण ऐसा नहीं हो पाता है, तो शनिवार सुबह एयरलाइंस के साथ मिलकर उड़ानों को रवाना किया जाएगा.
7 हजार उड़ानें प्रभावित, यात्रियों को हुई परेशानी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक, तकनीकी गड़बड़ी के कारण करीब 7 हजार उड़ानें प्रभावित हुईं. इनमें हजारों फ्लाइट्स में देरी हुई और कई को रद्द करना पड़ा.
इससे पहले फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने अमेरिका के सभी एयरपोर्ट पर विमानों के टेकऑफ पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश दिया था. वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने कहा था कि इस घटना के पीछे किसी आतंकी या जानबूझकर किए गए हमले का कोई संकेत नहीं मिला है. उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाते हुए कहा था, ‘यह 9/11 जैसा हमला नहीं है.’
मुलिन ने यह भी बताया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है.
अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार था, जब इस तरह देशव्यापी स्तर पर विमानों की उड़ान रोकने की नौबत आई. इस घटना ने अमेरिका के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने की जरूरत पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.






