
– आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने 1 लाख 51 हजार रूपए का चेक प्रदान कर किया सम्मानित*
*- जिले के चार विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया था क्वालीफाई*
राजनांदगांव 16 नवम्बर 2026। राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में राजनांदगांव जिले के प्रयास आवासीय विद्यालय (बालक) के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी देवनारायण वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। राज्य स्तरीय आदिवासी गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने देवनारायण वर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए 1 लाख 51 हजार रूपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। देवनारायण वर्मा की इस उपलब्धि से जिले के विद्यार्थियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री दीक्षा गुप्ता ने देवनारायण वर्मा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें जिले के चार विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने में सफलता प्राप्त की थी। इनमें प्रयास आवासीय विद्यालय (बालक) राजनांदगांव के विद्यार्थी देवनारायण वर्मा, प्रयास आवासीय विद्यालय (कन्या) की छात्रा लालिमा गावर, पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास के विद्यार्थी हरेन्द्र तारम एवं पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास की छात्रा मेनका जोशी शामिल थे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में देवनारायण वर्मा ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है तथा शिक्षा एवं प्रतियोगी गतिविधियों के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करने वाली उपलब्धि है।








