जशपुरनगर 23 नवंबर 2026/ जिले में मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026 के अंतर्गत HPV टीकाकरण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत माइकिंग एवं सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से आमजन को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला जशपुर से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इंदवार ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रचार-प्रसार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर माइकिंग और जन जागरूकता संदेशों के माध्यम से HPV टीकाकरण के महत्व, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव तथा 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण के संबंध में जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक कर अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026 का उद्देश्य जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना तथा कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है।
हमारा संकल्प — हर पात्र बेटी तक पहुंच, सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का संकल्प।
प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को HPV टीकाकरण के प्रति किया जाएगा जागरूक









