

अतीश दीपंकर | ब्यूरो चीफ, बिहार
पटना | 23 नवंबर 2026बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में मामलों की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की जाएगी। इससे आम लोगों को अपने राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों और न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपनी सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस नई व्यवस्था को बिहार में डिजिटल प्रशासन और राजस्व न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई शुरू होने से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माध्यम से करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। नई व्यवस्था से मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का दबाव भी कम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्चुअल सुनवाई से लोगों के समय, धन और संसाधनों की बचत होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों, दूर-दराज के इलाकों तथा गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।
### सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन होगा उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारित आदेशों की नियमित स्क्रूटिनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए एक विशेष सेल का गठन किया जाए, जो आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता की जांच करेगा।
### SMS के साथ कॉल सेंटर से भी मिलेगी सुनवाई की जानकारी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी संबंधित पक्षकारों तक समय पर पहुंचाई जाए। इसके लिए एसएमएस के साथ-साथ कॉल सेंटर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई से संबंधित सूचना मिलने में परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था की व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। सरकार का उद्देश्य राजस्व न्यायालयों की प्रक्रिया को सरल, सुगम, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है।
### ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज
कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) पर आधारित एक वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के तहत अब वादों की ऑनलाइन सुनवाई के साथ डिजिटल माध्यम से साक्ष्य और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी मिलेगी। पक्षकार अपने मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। इससे सुनवाई और मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी होगी।
कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।
### कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, विभागीय सचिव जय सिंह, सचिव सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय तथा भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व न्यायालयों से संबंधित पदाधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े।








