Ro no D15139/23

पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से संवरेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

 

राम वनगमन पथ, गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की कार्ययोजना; किसानों की आय बढ़ाने मखाना खेती और दुग्ध व्यवसाय को मिलेगा प्रोत्साहन

धमतरी, 25 नवंबर 2026। प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और आजीविका की विविध संभावनाओं से समृद्ध नगरी-सिहावा अंचल को पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ मखाना उत्पादन, दुग्ध व्यवसाय और ग्रामीण आजीविका के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, किसानों एवं पशुपालकों की आमदनी में वृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बीते मंगलवार को नगरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रस्तावित गतिविधियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और पशु सखियों से चर्चा कर विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राम वनगमन पथ देवपुर में विकसित होंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं

कलेक्टर श्री मिश्रा ने राम वनगमन पथ देवपुर में निर्माणाधीन कॉटेज एवं हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नगरी-सिहावा अंचल में धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां बेहतर आवासीय एवं पर्यटक सुविधाएं विकसित होने से पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा और उन्हें क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि परिसर में छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री, गार्डन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों का विशेष ध्यान रखने और सभी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास होने से स्थानीय युवाओं, छोटे व्यवसायियों और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र को पर्यटन के रूप में मिलेगी नई पहचान

कलेक्टर ने पंचायत पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नगरी-सिहावा अंचल को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए उपलब्ध प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।

क्षेत्र में लंबे समय से पानी की उपलब्धता एक चुनौती रही है। इसके समाधान के लिए गणेश घाट में आवश्यक संरचना का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही गणेश घाट को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां भव्य घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने के प्रस्ताव पर कार्य किया जा रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि श्रृंगी ऋषि पर्वत स्थित मंदिर में दर्शन के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का बेहतर अनुभव देने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है। इसके लिए सर्वे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विकास कार्यों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पर्यटन विकास के साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार एवं व्यवसाय से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों ने इन कार्यों में जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

100 एकड़ क्षेत्र के तालाबों में मखाना उत्पादन की संभावनाओं का निरीक्षण

किसानों की आय के स्रोतों में विविधता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने मखाना उत्पादन के लिए विकसित लगभग 100 एकड़ क्षेत्र के तालाबों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मखाना उत्पादन की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और खेती की संभावनाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का उपयोग पारंपरिक कृषि के साथ-साथ लाभकारी वैकल्पिक आजीविका गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है। मखाना उत्पादन को व्यवस्थित रूप से प्रोत्साहित करने से किसानों को खेती का एक नया विकल्प मिल सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की संभावनाएं विकसित होंगी।

दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के लिए बनेंगे लगभग 10 केंद्र

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए दुग्ध व्यवसाय को संगठित रूप से विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। नगरी रेस्ट हाउस में कलेक्टर श्री मिश्रा ने विकासखंड की पशु सखियों की बैठक लेकर दुग्ध उत्पादन, पशुपालकों के पंजीयन और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि नगरी के आसपास लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पशुपालकों से सुबह एवं शाम दो समय दूध का संग्रहण किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित रूप से दूध विक्रय की सुविधा और बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित हो सकेगी।

कलेक्टर ने पशु सखियों को अधिक से अधिक किसानों एवं पशुपालकों से संपर्क कर उन्हें दुग्ध संग्रहण केंद्रों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशु सखियां पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल के साथ-साथ उनके पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दूध के व्यवस्थित संग्रहण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। इससे पशुपालक परिवारों की नियमित आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी और पशु सखियों के लिए भी आय के अतिरिक्त अवसर निर्मित होंगे।

उन्होंने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की योजना की जानकारी भी दी, ताकि वे वहां की उन्नत दुग्ध उत्पादन तकनीकों, पशुपालन प्रबंधन और सहकारी दुग्ध व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। भ्रमण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग नगरी क्षेत्र में दुग्ध व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाने में किया जा सकेगा।

बैठक में कलेक्टर ने चिलिंग प्लांट के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को इसके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पर्यटन और आजीविका को साथ लेकर विकास की पहल

नगरी-सिहावा क्षेत्र में पर्यटन अधोसंरचना के विकास, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने की ये पहलें क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को व्यापक आधार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। एक ओर धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। जिला प्रशासन का प्रयास है कि विकास की इन गतिविधियों में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, किसानों, पशुपालकों और महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित हो, ताकि क्षेत्र के प्राकृतिक एवं मानवीय संसाधनों का उपयोग स्थानीय समृद्धि और रोजगार सृजन के लिए किया जा सके।

  • Related Posts

    पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

      मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में मजबूत हो रही सड़क संपर्क व्यवस्था *बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों का होगा निर्माण, ग्रामीणों को वर्षभर मिलेगी…

    Read more

    छत्तीसगढ़ में पहला दिव्यांग तीज मिलन कराने वाली शुभांगी आप्टे, 14 साल से कर रही हैं निःशुल्क सेवा IMNB रिपोर्टर मनीषा नगारची की खास बातचीत

    — *IMNB NEWS – रायपुर*   रायपुर। राजधानी रायपुर की समाजसेवी डॉ. शुभांगी आप्टे किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। पर्यावरण संरक्षण से लेकर महिला सशक्तिकरण तक, उनके सेवा के…

    Read more

    NATIONAL

    भारत पर फिर बढ़ सकता है अमेरिकी टैरिफ का दबाव, जानिए क्यों नया शुल्क लगाने की तैयारी में है ट्रंप सरकार

    भारत पर फिर बढ़ सकता है अमेरिकी टैरिफ का दबाव, जानिए क्यों नया शुल्क लगाने की तैयारी में है ट्रंप सरकार

    शहर की समाजसेवी शुभांगी आप्टे ने किया श्री राम मंदिर स्थापना दिवस 2024 देश विदेश में प्रकाशित खबरों का क्लेक्शन ,0 अपील कलेक्शन में सहयोग का

    शहर की समाजसेवी शुभांगी आप्टे ने किया श्री राम मंदिर स्थापना दिवस 2024 देश विदेश में प्रकाशित खबरों का क्लेक्शन ,0 अपील कलेक्शन में सहयोग का

    6 साल बाद साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब में कौन बनेगा CM और कैसे बंटेंगी 117 सीटें?

    6 साल बाद साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब में कौन बनेगा CM और कैसे बंटेंगी 117 सीटें?

    यूपी में गठबंधन से पहले सीटों पर महामुकाबला, कांग्रेस की मांग 181, सपा का प्रस्ताव 26

    यूपी में गठबंधन से पहले सीटों पर महामुकाबला, कांग्रेस की मांग 181, सपा का प्रस्ताव 26

    बालेन शाह के भारत दौरे से शुरू हुआ 17 साल से बंद हवाई मार्ग, भारत-नेपाल को इससे क्या फायदा?

    बालेन शाह के भारत दौरे से शुरू हुआ 17 साल से बंद हवाई मार्ग, भारत-नेपाल को इससे क्या फायदा?

    India-Nepal Bilateral Meeting Live: PM मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बातचीत शुरू

    India-Nepal Bilateral Meeting Live: PM मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बातचीत शुरू