
*इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता, ड्रिल एवं मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मिलेगा नकद पुरस्कार*
धमतरी 26 नवंबर 2026/ भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना संजोने वाले जिले के युवाओं को अपनी तैयारी परखने और सेना भर्ती की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलने जा रहा है। इसी उद्देश्य से निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र, मिलिट्री एकेडमी धमतरी के तत्वावधान में आगामी 29 नवंबर, रविवार को प्रातः 6 बजे से इंडोर स्टेडियम धमतरी में सेना भर्ती रैली की फाइनल रिहर्सल एवं मेडिकल टेस्ट का आयोजन किया जाएगा।
इस अभ्यास सत्र में अभ्यर्थियों को सेना भर्ती रैली के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप विभिन्न शारीरिक एवं व्यावहारिक परीक्षणों से गुजरना होगा। इसमें 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण, ड्रिल तथा मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, अनुशासन और तैयारी का आकलन करने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि आगामी 12 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए धमतरी में यह फाइनल रिहर्सल आयोजित की जा रही है, ताकि अभ्यर्थी वास्तविक भर्ती रैली की प्रक्रिया, समयबद्धता, अनुशासन और शारीरिक मानकों से पहले ही परिचित हो सकें। इससे उन्हें अपनी कमियों को पहचानने और शेष समय में तैयारी को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
रिहर्सल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 5,001 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,001 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,001 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन में शामिल होने के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
मिलिट्री एकेडमी धमतरी ने जिले के युवाओं से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। विशेषकर उन युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जो भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सेवा करना चाहते हैं। सेना में चयन के लिए शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे अभ्यास आयोजन युवाओं को इन सभी पहलुओं के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी 29 नवंबर को प्रातः 6 बजे इंडोर स्टेडियम धमतरी में उपस्थित होकर रिहर्सल में भाग ले सकते हैं। उन्हें अपने साथ आधार कार्ड, खेल पोशाक एवं आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे।
संपर्क एवं पंजीयन: मिलिट्री एकेडमी धमतरी
मोबाइल: 79818-56258, 94405-32582









