
रायपुर, 26 नवंबर 2026/ संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टाउनहॉल में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आम नागरिकों एवं बच्चों को भारतीय संविधान का अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें। संविधान हमारे देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्श हमें एक सशक्त, समरस एवं प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्र प्रथम की भावना और कर्तव्यबोध के साथ कार्य करने का संदेश दिया है। हम सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करना चाहिए। संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भारतीय संविधान से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे। इस संवाद के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संवैधानिक प्रावधानों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने संविधान की महत्ता, उसके मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों का पालन एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इस ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवैधानिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









