

अंबिकापुर 15 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के ’शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का दूसरा दिन अद्भुत उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रहा। अलका चंद्राकर की सुमधुर आवाज और इण्डियन आइडल फेम वैशाली रायकवार की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। महोत्सव स्थल पर मेले, बोटिंग और दंगल प्रतियोगिता का भी लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की गूंज
कार्यक्रम में मशहूर छत्तीसगढ़ी लोक गायिका अलका चंद्राकर की प्रस्तुति ने भक्तिमय जसगीत से समां बांधा और इसके बाद ददरिया, सुवा गीत और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बॉलीवुड गानों पर झूमे दर्शक
इण्डियन आइडल एवं सारेगामापा फेम वैशाली रायकवार ने अपनी शानदार बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति से महफिल में जान डाल दी। उनके गानों की एक के बाद एक कड़ियों पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्थानीय और ट्रांसजेंडर कलाकारों ने बटोरी सुर्खियां
ट्रांसजेंडर कलाकारों का अनोखा नृत्यः जांजगीर-चाम्पा से आए शांति प्रतिमा डांस ग्रुप के ट्रांसजेंडर कलाकारों ने ’नौ दुर्गा’ के रूप में नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति दी। उनके जोश और उमंग से भरे प्रदर्शन ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
स्थानीय प्रतिभाओं का जलवा स्थानीय कलाकारों में आँचल मदलियार, मनप्रीत, दिलबाग सिंह, माही जायसवाल और हर्ष पूरी ने भी शानदार गीत गाकर लोगों को बांधे रखा।
शास्त्रीय और स्कूली नृत्य नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय अम्बिकापुर की छात्राओं ने कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, स्कूली बच्चों ने भी गीत और नृत्य से सभी का मन मोह लिया।
मेला, बोटिंग और दंगल का रोमांच
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ महोत्सव स्थल पर लगा शानदार मेला आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ देर शाम तक भारी भीड़ बनी रही। लोगों ने बोटिंग का भी खूब आनंद लिया। वहीं, दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच हुए जबरदस्त मुकाबलों को देखने के लिए लोगों में होड़ मची रही।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो, जनपद उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह,श्री रजनीश पाण्डेय ,श्री राम यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








