
रायपुर, 27 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने प्राथमिक विद्यालय देवपुरी में प्रेरणादायक रूप लिया है। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने अपनी माँ के सम्मान में स्कूल परिसर में पौधे लगाए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति लगभग नगण्य हो गई और साथ ही भीषण गर्मी का दौर भी शुरू हो गया। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बच्चों द्वारा लगाए गए पौधों के सूखने की आशंका थी।
प्रधानपाठक श्रीमती रेखा डहरिया तथा शिक्षिकाएँ श्रीमती सविता शिंदे, श्रीमती जीवनलता टोप्पो, श्रीमती नम्रता कौशल और श्रीमती ऋचा देवांगन ने नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर इन पौधों को पानी दिया और उनकी नियमित देखभाल से बनी रहीं हरीयाली।
आज ये पौधे हरे भरे स्वरूप में यह संदेश दे रहे हैं कि अगर इच्छा शक्ति हो तो कोई भी पहल सफल बन सकती है। शिक्षिकाओं की इस पहल ने जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण की मिसाल पेश की है।









