
*चित्रकोट में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर जोर*
रायपुर, 08 मई 2026 (IMNB NEWS AGENCY) राज्यपाल रमेन डेका से आज लोकभवन में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार एवं पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल श्री डेका ने विशेष रूप से बस्तर स्थित चित्रकोट जलप्रपात में पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बुजुर्गों एवं निशक्तजनों की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस दौरान चित्रकोट जलप्रपात क्षेत्र में रैंप निर्माण सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बताया कि चित्रकोट जलप्रपात के आसपास सौंदर्यीकरण एवं पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को अधिक सुविधायुक्त एवं आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।







