
संसद के मानसून सत्र के दौरान आज लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे. इसके अलावा सदन में कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी चर्चा और कार्यवाही होने की संभावना है. संसद की महत्वपूर्ण अपडेट्स के लिए जुड़े रहें प्रभात खबर के साथ.
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. विपक्ष राम मंदिर चंदा चोरी और जंतर मंतर पर पुलिस कार्रवाई समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा था. सदन में लगातार नारेबाजी के चलते कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी.
राहुल गांधी से किरेन रिजिजू की अपील
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राहुल गांधी पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा में हिस्सा लेंगे. उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी 20-30 मिनट बोलते हैं तो कम से कम पांच मिनट इस महत्वपूर्ण विधेयक पर भी बोलें. रिजिजू ने कहा कि इतने अहम बिल पर चर्चा से बचना उचित नहीं होगा.
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर सपा सांसदों का प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के सांसदों का संसद परिसर में राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन जारी है. सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर “चंदा चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
संसद का मानसून सत्र आज फिर हंगामेदार रहने के आसार हैं. लोकसभा में आज सरकार नीट पेपर लीक रोकने से जुड़े सार्वजनिक परीक्षा (Prevention of Unfair Means) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित कराने की कोशिश करेगी. वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दोपहर करीब 12:30 बजे इस विधेयक और हालिया परीक्षा विवादों पर सरकार से जवाब मांग सकते हैं. साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 भी सदन में पेश करेंगे.







