
– श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे बच्चों के हृदय की जांच*
राजनांदगांव 13 सितम्बर 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में 16 सितंबर 2026 को बाल हृदय स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कैम्प आयोजित किया जाएगा। शिविर में श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल रायपुर के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों के हृदय की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में शिविर की तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के बीएमओ, चिरायु टीम एवं ब्लॉक समन्वयकों को शिविर के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने हृदय रोग से पीडि़त या संदिग्ध बच्चों को चिन्हित कर शिविर तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। दिल में छेद, दौडऩे या खेलने पर सांस फूलना, होंठ अथवा नाखून नीले पडऩा, उम्र के अनुसार वजन नहीं बढऩा, बार-बार सर्दी-खांसी या निमोनिया होना तथा धड़कन तेज होना जैसे लक्षण वाले बच्चों को शिविर में जांच के लिए लाने की अपील की गई है।








