
करतला में आयोजित शिविर में 113 दिव्यांगजनों की हुई जांच, 17 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया प्रोत्साहित
कोरबा, 17 सितंबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के षुभारंभ के साथ ही कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले के दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायतवार विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविरों की शुरुआत आज जनपद पंचायत करतला से हुई। शिविर में क्षेत्र के 113 दिव्यांगजन उपस्थित हुए। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं मूल्यांकन कर उन्हें उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
शिविर में 68 अस्थिबाधित, 18 मानसिक दिव्यांगता वाले, 8 मूक-बधिर, 11 श्रवणबाधित, 1 सिकल सेल तथा 7 दृष्टिबाधित दिव्यांगजन शामिल हुए। इस दौरान 17 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 14 को श्रवण यंत्र, 8 को व्हीलचेयर, 4 को बैसाखी, 3 को अंधत्व छड़ी तथा 10 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों में उत्साह देखने को मिला।
शिविर में जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती अशोकाबाई कंवर, सरपंच श्रीमती फूलबाई, जनपद सदस्यगण, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, प्रशिक्षु आईएएस एवं सहायक कलेक्टर श्री विशाल जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने तथा मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, श्रवण यंत्र के लिए जिला मुख्यालय में आना न पड़े, इसलिए दिव्यांजनों की सुविधा के लिए षिविर का आयोजन ब्लाक स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए जिला चिकित्सालय में एलिम्को के सहयोग से एक अलग सेंटर स्थापना की बात कही। कलेक्टर सद्भावना भवन करतला के जीर्णोद्धार हेतु 10 लाख की राषि स्वीकृत किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में दिव्यांगजनों का घर-घर सर्वे कर उनकी पहचान सुनिश्चित करें। सर्वे के दौरान दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं एवं पात्रता का आकलन कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासकीय सहायता से वंचित न रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार के विशेष शिविरों के आयोजन से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, पंजीयन, प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया तथा आवश्यक सहायक उपकरण प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांगजनों को विशेष लाभ पहुंच रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी पांचों जनपद पंचायत क्षेत्रों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। करतला के बाद 21 सितंबर को पाली, 23 सितंबर को कटघोरा, 24 सितंबर को पोड़ी-उपरोड़ा तथा 25 सितंबर 2026 को कोरबा जनपद पंचायत क्षेत्र में शिविर आयोजित किया जाएगा। षिविर में लाभान्वित हितग्राहियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को योजना का लाभ मिलने से उनकी अनेक परेषानियां दूर हो गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया। इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सेवाएं एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।








