
*सेवा संकल्प अभियान*
*- श्रीमती रतिला चंद्रवंशी अपनी पुत्री गीतांजली चंद्रवंशी के भविष्य के लिए जमा कर रही राशि*
राजनांदगांव 20 सितम्बर 2026। सुकन्या समृद्धि योजना ने बेटी के शिक्षा, उच्च शिक्षा, विवाह सहित अन्य भविष्य में आने वाली छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए माता-पिता का बड़ा सहारा बन सकती है। छुरिया विकासखंड के ग्राम चिरचारीकला निवासी श्रीमती रतिला चंद्रवंशी ने सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़कर अपनी बेटी गीतांजलि के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित बचत की शुरूआत की है।
श्रीमती रतिला चंद्रवंशी अपनी पुत्री गीतांजलि चंद्रवंशी के भविष्य को लेकर हमेशा चिंतित रहती थीं। बेटी के जन्म पर उन्हें बेहद खुशी हुई और उन्होंने उसके पोषण एवं बेहतर परवरिश का विशेष ध्यान रखा। साथ ही बेटी की स्कूली एवं उच्च शिक्षा के लिए छोटी-छोटी बचत भी शुरू की। उन्होंने बताया कि परिवार में अचानक आवश्यकताएं आने पर कई बार उन्हें अपनी बचत राशि खर्च करनी पड़ती थी। इससे बेटी के भविष्य के लिए की गई बचत फिर से समाप्त हो जाती थी। ऐसे में उन्हें बेटी के भविष्य को लेकर चिंता होती थी। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनिता गंधर्व से सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य के लिए बचत को प्रोत्साहित करती है। योजना की जानकारी मिलने के बाद श्रीमती रतिला चंद्रवंशी ने बिना देर किए अपनी पुत्री गीतांजलि के नाम से सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया और नियमित रूप से राशि जमा करना शुरू किया। इस योजना के तहत वह अपनी बेटी की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के लिए आर्थिक आधार तैयार करने के लिए अपनी पुत्री के खाते में प्रतिमाह 1200 रूपए जमा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल अभिभावकों के लिए भी बेटियों की शिक्षा और भविष्य की बेहतर योजना बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने इस सुकन्या समृद्धि योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया को धन्यवाद ज्ञापित किया।









