
मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से मानपुर के गगन साहू की पढ़ाई को मिली आर्थिक मजबूती और सपनों को नई उड़ान
रायपुर, 21 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान 2026 के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और सुशासन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से मिलने वाली सहायता न केवल तत्काल जरूरतों को पूरा कर रही है, बल्कि बच्चों की शिक्षा, परिवारों के सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही है। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके सपनों को नई दिशा दे रही है।
योजनांतर्गत जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीटोला की निर्माण श्रमिक श्रीमती प्रियंका साहू के पुत्र गगन साहू को छात्रवृत्ति का लाभ मिला है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा श्रमिक परिवारों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत मंडल में पंजीकृत श्रमिक के प्रथम दो बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत कक्षा पहली से लेकर स्नातकोत्तर स्तर की व्यावसायिक परीक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा पीएचडी एवं शोध कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को नियमानुसार 1 हजार रुपए से 10 हजार रुपए तक छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रावधान है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अंकों की बाध्यता नहीं रखी गई है। इसके साथ ही आवेदन की तिथि से पूर्व की एक वर्ष की अवधि में हितग्राही का कम से कम 90 दिन निर्माण श्रमिक के रूप में कार्यरत होना निर्धारित है।
श्रीमती प्रियंका साहू के परिवार के लिए यह छात्रवृत्ति उनके बच्चे की शिक्षा में आर्थिक सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। श्रमिक परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई से जुड़े खर्चों में मिलने वाली ऐसी सहायता आर्थिक दबाव को कम करने के साथ ही बच्चों को निरंतर शिक्षा से जोड़ने में सहायक है। शासन की इस पहल से श्रमिक परिवारों को अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर अधिक भरोसा मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान गगन साहू की सेवा की कहानी इस बात को रेखांकित करती है कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य योजनाओं को जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा का अवसर और आगे बढ़ने का संबल मिल रहा है।
योजना का लाभ मिलने पर श्रीमती प्रियंका साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शासन की इस सहायता से उनके बच्चे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिला है।









