
अधिकाधिक पात्र छात्र-छात्राओं को लर्निंग लायसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने परिवहन विभाग की पहल
धमतरी, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अन्तर्गत जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शिक्षार्थी लायसेंस (Learning Licence) बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा 25 सितंबर 2026 को विशेष शिक्षार्थी लायसेंस शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में ही लर्निंग लायसेंस बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
जिला परिवहन अधिकारी द्वारा जिले के प्रमुख महाविद्यालयों के प्राचार्यों को शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। इनमें पी.जी. कॉलेज धमतरी, भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज धमतरी तथा शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी शामिल हैं।
जिला परिवहन विभाग ने महाविद्यालय प्रबंधन से कहा है कि शिविर की जानकारी अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के लिए नोटिस बोर्ड, कक्षा-कक्ष, महाविद्यालयीन व्हाट्सऐप ग्रुप, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों का उपयोग किया जाए। विद्यार्थियों को शिविर की तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने कहा गया है।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को लर्निंग लायसेंस बनवाने की प्रक्रिया को उनके अध्ययन स्थल के निकट और सुविधाजनक बनाना है, जिससे उन्हें परिवहन कार्यालय जाने की आवश्यकता कम हो तथा पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिक्षार्थी लायसेंस की सुविधा मिल सके। जिला परिवहन विभाग ने पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि को आयोजित शिविर में सहभागिता करें और नियमानुसार अपना शिक्षार्थी लायसेंस बनवाएं।









