
अम्बिकापुर 24 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा 23 सितम्बर को राजपुरी जलाशय में वृक्षारोपण, श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता कर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान राजपुरी जलाशय परिसर में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। जलाशय परिसर को स्वच्छ एवं हरा भरा बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने जलाशय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और जल स्रोतों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि जलाशय केवल सिंचाई और जल उपलब्धता के महत्वपूर्ण स्रोत ही नहीं, बल्कि स्थानीय पर्यावरण और भू-जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके संरक्षण और नियमित साफ-सफाई में सामुदायिक सहभागिता आवश्यक है।
जनभागीदारी से मजबूत हो रहा जल संरक्षण का संकल्प
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जल संसाधनों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए लोगों को अपने आसपास के जल स्रोतों की स्वच्छता एवं सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। “सेवा मेरा योगदान” के भाव के साथ ग्रामीणों ने श्रमदान एवं वृक्षारोपण कर जलाशय के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करते हुए जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।









