
स्कूली बच्चों ने ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश देकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए किया प्रेरित*
रायपुर, 25 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौली में स्कूली बच्चों द्वारा स्वच्छता आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व बताया और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ग्रामीणों से घर, विद्यालय, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा खुले में गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सामुदायिक स्वच्छता को भी स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
बच्चों ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि स्वच्छता के लिए केवल शासकीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी अपने गांव को स्वच्छ रखने और स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।









