
अम्बिकापुर 28 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा योजना के अंतर्गत पंजीकृत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को स्वरोजगार, कौशल विकास और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सरगुजा द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम बुधवार, 30 सितम्बर 2026 को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत अम्बिकापुर में होगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकृत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों और शिल्पकारों को उनके व्यवसाय को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसमें बढ़ई, नाव निर्माता, अस्त्र-शस्त्र निर्माता, लोहार, हथौड़ा एवं टूलकिट निर्माता, ताला निर्माता, स्वर्णकार-सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी-चटाई-झाड़ू निर्माता एवं कॉयर बुनकर, पारंपरिक गुड़िया एवं खिलौना निर्माता, नाई, माला निर्माता, धोबी, दर्जी तथा मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले पंजीकृत विश्वकर्मा शामिल हो सकेंगे।
कारीगरों को आधुनिक बाजार से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस
जागरूकता कार्यक्रम में कारीगरों को एआई प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास, प्राइजिंग स्ट्रेटजी, मार्केट ट्रेंड, वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता तथा सेल्स स्ट्रेटजी से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उत्पादों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग, डिजाइनिंग और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों को प्रस्तुत करने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा।
कारीगरों एवं शिल्पकारों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग, ऑनलाइन माध्यम से उत्पादों के विक्रय तथा व्यवसाय के लिए इसकी उपयोगिता की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। वहीं उद्यम रजिस्ट्रेशन पोर्टल और उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कौशल के साथ व्यवसाय विस्तार और स्वरोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन
कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जोड़ने के साथ उन्हें स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के माध्यम से उनके कौशल विकास, व्यवसाय प्रबंधन और आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनपद पंचायत के प्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि तथा योजना के पात्र हितग्राही उपस्थित रहेंगे।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सरगुजा के प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकृत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों से 30 सितम्बर को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत अम्बिकापुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ लेने की अपील की है।









