
Mistakes When Reheating Food: घर में खाना बच जाना बहुत आम बात है. कई बार दोपहर की सब्जी रात में खाई जाती है, तो कभी रात की दाल अगले दिन दोबारा गर्म करके परोसी जाती है. खाना दोबारा गर्म करना अपने आप में कोई गलत बात नहीं है, लेकिन इसे सही तरीके से करना जरूरी है. जल्दबाजी में की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां खाने की सेफ्टी को प्रभावित कर सकती हैं. अगर आप भी बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करके खाती हैं, तो इन सामान्य गलतियों से बचना चाहिए.
खाना घंटों बाहर रखकर गर्म न करें
बचा हुआ खाना गर्म करने से पहले यह देखना जरूरी है कि वह कितनी देर से बाहर रखा है. पका हुआ खाना लंबे समय तक कमरे के तापमान पर पड़ा रहे, तो उसमें हानिकारक बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं.
FSSAI और FDA की गाइडलाइंस के अनुसार, खराब होने वाले पके खाने को आमतौर पर दो घंटे के अंदर फ्रिज में रख देना चाहिए. अगर बाहर का तापमान बहुत ज्यादा है, तो यह समय और कम हो जाता है. इसलिए खाना बचने के बाद उसे घंटों किचन में छोड़कर बाद में गर्म करने की आदत से बचें.
सिर्फ हल्का गुनगुना करके न खाएं (Mistakes When Reheating Food)
बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करते समय सिर्फ ऊपर से गर्म करना काफी नहीं है. खाना अच्छी तरह और समान रूप से गर्म होना चाहिए. FSSAI की गाइडलाइंस में दोबारा गर्म किए जाने वाले खाने के कोर तापमान को 75 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाने की बात कही गई है. FDA भी leftovers को 165°F यानी करीब 74°C तक गर्म करने की सलाह देता है.
माइक्रोवेव में एक ही जगह से गर्म न करें
माइक्रोवेव में खाना गर्म करना आसान है, लेकिन इसमें एक आम गलती होती है. खाना कुछ हिस्सों में बहुत गर्म और कुछ जगहों पर ठंडा रह सकता है. ऐसा होने पर खाने का कुछ हिस्सा पर्याप्त गर्म नहीं हो पाता.
इसलिए माइक्रोवेव में खाना गर्म करते समय उसे बीच में एक बार चलाएं या घुमा दें. जरूरत के हिसाब से थोड़ी देर और गर्म करें. सूप, दाल या ग्रेवी वाली चीजों को अच्छी तरह चलाने से गर्मी ज्यादा समान रूप से फैल सकती है.
जितना खाना हो उतना ही गर्म करें
पूरे बचे हुए खाने को बार-बार गर्म करने के बजाय जितना खाना है, उतना ही अलग निकालकर गर्म करना बेहतर तरीका (Mistakes When Reheating Food) है. बार-बार खाना गर्म और ठंडा करने से उसकी क्वालिटी भी प्रभावित हो सकती है.
साथ ही हर बार खाना निकालते और वापस रखते समय उसे संभालने की प्रक्रिया बढ़ जाती है. इसलिए खाने को छोटे हिस्सों में रखकर जरूरत के हिसाब से गर्म करें.
बचे खाने को ताजे खाने में न मिलाएं
एक और आम गलती है कि बची हुई सब्जी या दाल को सीधे ताजे बने खाने में मिला दिया जाता है. ऐसा करने से ताजा खाना भी बचे हुए खाने के संपर्क में आ जाता है.
FSSAI की food-safety guidance में बचे हुए खाने को फ्रेश फूड के साथ मिलाने से बचने की सलाह दी गई है. इसलिए दोनों को अलग रखें और जरूरत के अनुसार ही इस्तेमाल करें.
फ्रिज में रखने का तरीका भी सही रखें
- बहुत ज्यादा मात्रा में बचा खाना एक ही बड़े और गहरे बर्तन में रखने के बजाय छोटे और उथले कंटेनर में रखना ज्यादा सुविधाजनक होता है.
- इससे खाना जल्दी ठंडा होकर फ्रिज में रखा जा सकता है.
- साथ ही खाना हमेशा साफ कंटेनर में रखें और फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान भरकर न रखें, ताकि ठंडी हवा ठीक से घूम सके.
- खाना दोबारा गर्म करना सिर्फ उसे गर्म करने का काम नहीं है. इसे सही तरीके से स्टोर करना और फिर अच्छी तरह गर्म करना भी उतना ही जरूरी है.
- थोड़ी-सी सावधानी रखकर आप बचे हुए खाने को ज्यादा सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं.









