
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री श्री अरुण साव ने बुधवार शाम को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में सरगुजा जिले एवं सूरजपुर जिले की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, जिला पंचायत सरगुजा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव, जिला पंचायत सूरजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले, नगर निगम अम्बिकापुर आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश-
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सभी विभागों के अधिकारियों से योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यालय की व्यवस्था सुधारने तथा साफ-सफाई पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों में प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया सेल बनाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें, गम्भीरतापूर्ण ढंग से दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की पावर पाईट प्रजेंटेशन के जारिए प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नगरीय निकायों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारे शहर, हमारे प्रदेश की छवि और जिले की प्रतिष्ठा बनाते हैं। इसलिए नगर की व्यवस्था दुरुस्त करें, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। हर घर तक नल पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इस ओर कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टेण्डर प्रक्रिया होने के बाद तुरंत कार्य शुरू हो जाए। प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करें, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, अधिकारी अपने दायित्वों का गम्भीरतापूर्ण से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) प्राथमिकता का कार्य है, इसलिए सभी सीएमओ अक्टूबर माह तक प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करें। उन्होंने राजस्व संग्रहण कार्य की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद के कार्यों, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, 15वे वित्त आयोग, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा-
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को कार्यों की सतत समीक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। श्री साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के बाद अब सड़कों की मरम्मत का कार्य करें।
इस दौरान भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों तथा अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा प्रभाव आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान कहा कि सड़क मरम्मत कार्य तेजी से हो, गड्ढे भरने एवं पैच मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द कर लिए जाएं। आने वाला समय त्यौहारों का समय है, इसलिए समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य हो, लोगों को असुविधा न हो।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं पर चर्चा-
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित पेयजल एवं अन्य योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति से संबंधित कार्यों तथा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। पेयजल से संबंधित अधोसंरचना के रखरखाव एवं योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों पर चर्चा-
उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में खेल गतिविधियों, खेल अधोसंरचना तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाएं। खेल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ एवं शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल के संकुलवार एक-एक पीटआई को खेल गतिधियां संचालित करने के लिए चिन्हित करें।
इस दौरान सरगुजा ओलंपिक के रजिस्ट्रेशन की जानकारी ली गई तथा प्रचार-प्रसार में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने इसमें विभिन्न खेल संघो, खेल से जुड़े लोगों को शामिल करने कहा तथा अधिक से अधिक लोगों को हिस्सा लेने प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, मिलकर चलने का स्वभाव, रचनात्मकता की प्रेरणा देता है। इसलिए युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर सरगुजा श्री वसंत ने कहा कि उप मुख्यमंत्री द्वारा बैठक में जो भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, विभागीय अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का बेहतर निर्वहन करेंगे।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में जनपद स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन जनपद पंचायत लखनपुर के सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रामराज सिंह ने किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, श्रम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, राजस्व एवं भू-अभिलेख, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, महिला एवं बाल विकास तथा पशुधन विकास विभाग द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा विभागीय सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की पहल की गई।
हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरणों का वितरण
शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों को अपनी भूमि की उर्वरता एवं पोषक तत्वों की स्थिति की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। वहीं दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। इस दौरान ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य अमले द्वारा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू, श्री सुरेश जायसवाल, श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री राकेश साहू तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बतौली में 05 अक्टूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी के जीवन दर्शन एवं विचारों पर आधारित व्याख्यानमाला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रदर्शनी एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं ग्राम स्वराज के सिद्धांतों से परिचित कराते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक एवं साहित्यकार श्री सुदामा राम गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. भगत, साक्षर भारत बतौली के परियोजना अधिकारी श्री उमेश गुप्ता, प्रो. तारा सिंह मरावी, प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी, प्रो. बलराम चंद्राकर, प्रो. श्रीमती सुभागी भगत, प्रो. जिवियन खेस्स, अतिथि शिक्षक श्री गोपाल यादव, सुश्री शिल्पी एक्का, श्रीमती मनीषा एक्का तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बतौली के समन्वयक श्री चंद्रभान उपस्थित रहे।
गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचार आज भी प्रासंगिक-श्री गुप्ता
व्याख्यानमाला में महात्मा गांधी का जीवन दर्शन और वैचारिकी विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता श्री सुदामा राम गुप्ता ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महात्मा गांधी के सिद्धांत अत्यंत उपयोगी एवं प्रासंगिक हैं। गांधी जी ने संपूर्ण देश को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उनके विचारों में सर्वधर्म समभाव, एकता, भाईचारा, समानता एवं सामाजिक समरसता की भावना निहित है। इन आदर्शों को आत्मसात कर समाज में शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी शांति एवं मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। व्याख्यानमाला में परियोजना अधिकारी श्री उमेश गुप्ता एवं राजनीति विज्ञान के अतिथि शिक्षक श्री गोपाल यादव ने भी गांधी जी के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ग्राम बोदा दल प्रथम एवं ग्राम मंगारी दल द्वितीय स्थान पर रहा
कार्यक्रम के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बतौली के समन्वयक श्री चंद्रभान द्वारा महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। गांधी जी की वैचारिकी एवं सिद्धांतों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना के अनुरूप प्रतिभागी दलों का नाम स्थानीय ग्रामों के नाम पर रखा गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ग्राम बोदा दल ने प्रथम, ग्राम मंगारी दल ने द्वितीय, ग्राम सेदम दल ने तृतीय तथा ग्राम बतौली दल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में चलाया गया स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम से पूर्व स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें हिंदी साहित्य विकास परिषद के सदस्यों, स्वीप के कैंपस एंबेसडरों, विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर कीसाफ-सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके सिद्धांतों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर गांधी जी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने व्यक्त किए अपने विचार
कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी और भारतीय लोकतंत्र: विचारों की प्रासंगिकता विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। व्याख्यानमाला के दौरान विद्यार्थियों ने भी गांधी जी के जीवन दर्शन एवं आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इनमें हरिनारायण, हरकेश साहू, रवीना नागेश, कुंती पैकरा, ओमप्रकाश रवि एवं सितारा की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें अजीम प्रेमजी फाउंडेशन सरगुजा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक प्रो. बलराम चंद्राकर ने अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के प्राध्यापक, अतिथि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत गुरुवार को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अम्बिकापुर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा विद्यार्थियों का एचआईवी, मधुमेह (डायबिटीज) एवं रक्तचाप परीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
एचआईवी एवं एड्स की रोकथाम के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
स्वास्थ्य शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण एवं एड्स के संबंध में जानकारी देते हुए इसके संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व से अवगत कराया। चिकित्सकों ने बताया कि जागरूकता, सावधानी एवं समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इसके साथ ही मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय पर पहचान तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 07 अक्टूबर 2026 को शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, अम्बिकापुर में “महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगोली एवं चित्रकला के माध्यम से महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित आकर्षक एवं प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता के महत्व तथा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार एवं सशक्त समाज की आधारशिला है। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने तथा जनजागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को स्वयं स्कूटी चलाकर अम्बिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों के हितग्राहियों से बातचीत की और अधिकारियों को नागरिक सुविधाएं बेहतर बनाने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत के काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता पाए जाने पर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर करने एवं नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से की बातचीत
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बनी 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से मुलाकात कर आवासों में मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। साथ ही पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताई और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका वहां निवास सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने आवासीय परिसर में साफ-सफाई, जरूरी सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता दीदियों के काम की सराहना
उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। उन्होंने अम्बिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में लगभग 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके प्रबंधन का महत्वपूर्ण काम कर रही हैं। उनके प्रयासों से शहर में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था बनी है।
सड़क निर्माण और मरम्मत के काम जल्द होंगे शुरू
श्री साव ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में भी इन कार्यों पर चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए गए थे। विकास कार्यों में तेजी आने से शहरवासियों को बेहतर सड़कें और नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता और योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, अम्बिकापुर में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता का संदेश दिया गया। नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा परिवार एवं समाज पर इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे के प्रति सचेत करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ अम्बिकापुर के शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने रंगोली निर्माण के माध्यम से अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों के माध्यम से मतदान के महत्व, मतदाता जागरूकता तथा लोकतंत्र में प्रत्येक मत की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
अम्बिकापुर 08 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर द्वारा सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (LSAT26) का आयोजन 11 अक्टूबर 2026, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। सरगुजा जिले में परीक्षा के लिए अम्बिकापुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
गौरतलब है कि परीक्षा के लिए राजीव गांधी शासकीय पीजी कॉलेज, शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय मल्टीपरपज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मणिपुर वार्ड, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केदारपुर, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिंदी माध्यम) गांधीनगर, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर तथा विवेकानंद विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घड़ी चौक को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इस परीक्षा के व्यवस्थित संचालन, आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।









