
*सेवा की कहानी*
*- प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का आशियाना*
*- पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ शून्य*
*- जमुना बाई को हर माह लगभग एक हजार रूपए की बचत, सालभर में करीब 12 हजार रूपए की राहत*
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। कभी कच्चे मकान में रहने वाली डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम दर्री निवासी श्रीमती जमुना बाई कौशिक के लिए पक्का घर बनाना एक सपना था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके इस सपने को साकार किया। अब इसी पक्के आशियाने की छत पर लगा सोलर पैनल उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी बिखेर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जहां उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है, वहीं हर माह होने वाली बचत से परिवार को आर्थिक राहत भी मिल रही है। शासन की दो महत्वपूर्ण योजनाओं ने जमुना बाई के जीवन में दोहरी खुशहाली लाई है।
श्रीमती जमुना बाई बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का मकान बनने से परिवार को सुरक्षित और बेहतर आवास मिला। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया। उन्होंने बताया कि केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी समय पर मिलने से सोलर पैनल लगवाना आसान हुआ। सोलर पैनल लगाने से पहले उनके घर का औसतन बिजली बिल लगभग एक हजार रूपए प्रतिमाह आता था। अब सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरतें पूरी होने के कारण बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे प्रतिमाह लगभग एक हजार रूपए और सालभर में करीब 12 हजार रूपए की बचत हो रही है। अपने जीवन में आए इस बदलाव से खुश श्रीमती जमुना बाई कहती हैं कि पहले उनका घर कच्चा था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान बन गया। इसके बाद प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सोलर पैनल लगवाया और अब बिजली बिल भी शून्य हो गया है। उन्होंने पक्का आवास और बिजली के खर्च से राहत मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया को धन्यवाद दिया।
श्रीमती जमुना बाई की कहानी केवल पक्का मकान मिलने और बिजली बिल की बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव की मिसाल है। कभी कच्चे मकान में रहने वाला परिवार आज अपने पक्के आशियाने में सौर ऊर्जा का लाभ उठा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने जहां सिर पर पक्की छत दी, वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने बिजली के खर्च से राहत दिलाकर परिवार की खुशियां दोगुनी कर दी हैं।









