
बिहान की सोलर दीदियों की पहल से ग्राम चक्रवाय में स्थापित हुआ 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम
रायपुर, 9 अक्टूबर 2026/
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा से जोड़ने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में नई राह दिखा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड सिमगा के ग्राम चक्रवाय निवासी ममता बाई निषाद के घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है। बिहान की सोलर दीदियों की पहल से सौर ऊर्जा से जुड़ने का अवसर मिलने पर ममता बाई के परिवार को बिजली की जरूरतों को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सुविधा मिली है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी प्रयास के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी सोलर दीदियां ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने, पंजीयन कराने तथा सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया में सहयोग कर रही हैं।
ग्राम चक्रवाय में ममता बाई निषाद के घर स्थापित सोलर सिस्टम का कार्य शुभ संकुल संगठन, बनसांकरा, विकासखंड सिमगा के माध्यम से बिहान सोलर दीदियों द्वारा किया गया। इस पहल की विशेषता यह है कि बिहान की ग्रामीण महिलाएं केवल योजना का लाभ लेने तक सीमित नहीं हैं बल्कि सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे महिलाओं की तकनीकी दक्षता विकसित होने के साथ उनके लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
ममता बाई निषाद के घर स्थापित 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ग्रामीण परिवारों को सशक्त बनाने और महिलाओं की भागीदारी से विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बिहान दीदी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास को बहुत मददगार बताया है।









