
*विद्यार्थी, प्राध्यापक, नवान्वेषक, एमएसएमई एवं सीए सहित लगभग 160 प्रतिभागी जुड़े*
रायपुर, 10 अक्टूबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के लिए जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला शुक्रवार को दुर्ग जिले के आई.सी.ए.आई. भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित हुई। कार्यशाला में जिले के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी और प्राध्यापक, नवान्वेषक, एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधि तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट मिलाकर लगभग 160 प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेन्ज के पात्रता, भागीदारी की प्रक्रिया के बारे के अवगत कराया गया। बताया गया कि इस चैलेंज में विद्यार्थी, व्यक्तिगत नवान्वेषक, शोधार्थी, स्टार्टअप, एमएसएमई और संस्थाएँ भाग ले सकती हैं। कृषि, कानून व्यवस्था एवं साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवा, रक्षा प्रौद्योगिकी, ऊर्जा-पर्यावरण एवं जलवायु, अधोसंरचना एवं परिवहन, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोज़गार, इन दस क्षेत्रों में विचार आमंत्रित हैं। कुल पुरस्कार राशि 5 करोड़ रुपए है और प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपए दिए जाएँगे। आवेदन sevainnovationchallenge.in पर निःशुल्क किए जा सकते हैं। अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 है ।
कार्यशाला से पहले जिले के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों ने अपने-अपने संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की पहचान की थी। कार्यशाला में इन विद्यार्थियों को चैलेंज में भाग लेने की प्रेरणा मिली और यह मार्गदर्शन भी मिला कि अपने विचार को इन्क्यूबेशन के जरिये कैसे आगे बढ़ाया जाए।
इसी क्रम में बीआईटी, श्री शंकराचार्य और रूंगटा के इनक्यूबेशन सेंटर ने अपने कार्य और सुविधाओं की जानकारी दी। एरोन फाउंड्री फिल्म्स (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड के श्री विश्वास राज और Taxcalculator.ai पर काम कर रहे 16 वर्षीय श्री प्रतीक ताम्रकार ने अपनी स्टार्टअप जर्नी साझा की। कार्यशाला स्थल पर स्टार्टअप ने स्टॉल लगाए, जिनमें हैकशेड के श्री मोहित सोनी, योगवाला के श्री प्रद्युम्न यादव और आयुर्वेद एसेंशियल के श्री रवि तिवारी शामिल हैं। प्रतिभागियों ने स्टॉल पर उत्पाद देखे और संस्थापकों से बातचीत की।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दुर्ग ने जिले के सभी इच्छुक नवान्वेषकों, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और उद्यमियों से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर 2026 (रात 11:59 बजे) से पहले sevainnovationchallenge.in पर पंजीयन कर अपना आवेदन प्रस्तुत करें।









