
*- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ शून्य*
*- शासन की 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी से घर की छत बनी बिजली उत्पादन का स्रोत*
राजनांदगांव 12 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुसराकला निवासी कृषि मजदूर श्री कौशल कुमार के बिजली खर्च को बचत में बदल दिया है। सीमित आय से परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री कौशल कुमार को पहले सामान्य दिनों में लगभग 1000 रूपए और गर्मी के मौसम में 1500 रूपए तक मासिक बिजली बिल चुकाना पड़ता था। अब घर की छत पर 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगने से उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे होने वाली बचत का उपयोग वे परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं।
श्री कौशल कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। सीमित आय के कारण सोलर पैनल लगवाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन शासन की सब्सिडी और बैंक से आसान किस्तों में मिली वित्तीय सहायता ने उनकी राह आसान कर दी। योजना के तहत उन्हें केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए सहित कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई।
श्री कौशल कुमार के लिए अब घर की छत बिजली उत्पादन का स्रोत बन गई है। सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी होने के साथ हर महीने बिजली बिल पर खर्च होने वाली राशि की बचत हो रही है। शासन की इस योजना ने कृषि मजदूरी पर निर्भर परिवार को आर्थिक राहत देने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है। श्री कौशल कुमार ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया









