
*प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सुरक्षित आशियाना, बिजली, पानी और रसोई गैस की सुविधा भी हुई उपलब्ध*
*आवास निर्माण और रोजगार से राजकुमार को मिला 1 लाख 41 हजार 870 रुपए का प्रत्यक्ष वित्तीय लाभ*
रायपुर, 13 अक्टूबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है। साथ ही अन्य योजनाओं के अभिसरण से उन्हें बिजली, स्वच्छ पेयजल और रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरझापुर निवासी श्री राजकुमार की कहानी इसी बदलाव का उदाहरण है। कभी कच्चे मकान में कठिनाइयों के बीच जीवनयापन करने वाले राजकुमार आज अपने परिवार के साथ पक्के आवास में सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
*कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति, पक्के घर का सपना हुआ साकार*
राजकुमार और उनके परिवार के लिए कभी पक्का मकान बनाना एक सपना था। मिट्टी की कच्ची दीवारों और बारिश में टपकती छत के कारण परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते स्वयं का पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके लिए सहारा बनी। योजना के अंतर्गत पात्रता के आधार पर चयन होने के बाद राजकुमार को आवास निर्माण के लिए तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की गई। इस सहायता से उनका पक्के आवास का सपना साकार हुआ।
*आवास निर्माण के साथ मिला रोजगार, परिवार को हुआ आर्थिक लाभ*
प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ रोजगार योजना के अभिसरण से राजकुमार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्राप्त हुई। आवास निर्माण के दौरान मनरेगा के अंतर्गत 90 दिवस का अकुशल रोजगार उपलब्ध कराया गया, जिसके एवज में उन्हें 21 हजार 870 रुपए की मजदूरी का भुगतान किया गया। इस प्रकार आवास निर्माण सहायता और मजदूरी को मिलाकर राजकुमार के परिवार को कुल 1 लाख 41 हजार 870 रुपए का प्रत्यक्ष वित्तीय लाभ प्राप्त हुआ। इससे आवास निर्माण के साथ परिवार को आर्थिक संबल भी मिला।
*बिजली, स्वच्छ पेयजल और रसोई गैस से सुविधाजनक हुआ जीवन*
राजकुमार के जीवन में बदलाव केवल पक्का आवास मिलने तक सीमित नहीं रहा। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अभिसरण से उनके घर में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन मिलने से परिवार को पारंपरिक चूल्हे के धुएं से राहत मिली है। सौभाग्य योजना के माध्यम से घर में बिजली की सुविधा उपलब्ध हुई है, वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत ‘हर घर जल’ पहल से स्वच्छ पेयजल के लिए नल कनेक्शन भी प्रदान किया गया है।
इन सुविधाओं से परिवार की दैनिक दिनचर्या आसान हुई है। घर में बिजली की उपलब्धता से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है, जबकि स्वच्छ पेयजल और रसोई गैस की सुविधा से परिवार के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है।
*पक्के आशियाने के साथ मिला सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा*
राजकुमार के लिए पक्का आवास केवल चार दीवारों और छत का निर्माण नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीदों का आधार बना है। अब उन्हें बारिश के दिनों में छत टपकने और कच्चे मकान की असुरक्षा जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। मूलभूत सुविधाओं से युक्त आवास मिलने से परिवार के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
राजकुमार ने पक्का आवास और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। बिरझापुर के राजकुमार की यह कहानी दर्शाती है कि जनकल्याणकारी योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित आवास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं का लाभ एक साथ उपलब्ध कराया जा सकता है।









