
*सेवा संकल्प अभियान*
रायपुर, 13 अक्टूबर 2026/ महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके सपनों को साकार करने और परिवार का भविष्य संवारने का माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता का महिलाएं अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार सदुपयोग कर रही हैं। कोई इस राशि से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही है, तो कोई बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए बचत कर रही है। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले की श्रीमती पिंकी शाह, श्रीमती रिद्धि यादव और श्रीमती नसरीन इसकी प्रेरक मिसाल हैं। इन महिलाओं ने नियमित आर्थिक सहायता को अपने परिवार के बेहतर भविष्य का आधार बनाया है।
*पिंकी शाह ने सिलाई से चुनी आत्मनिर्भरता की राह, बेटे के भविष्य के लिए कर रहीं बचत*
जिले के ग्राम मोहला निवासी श्रीमती पिंकी शाह महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने और बेटे का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कर रही हैं। वे प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि में से 500 रुपए अपने पुत्र के नाम पीपीएफ खाते में जमा कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने सिलाई मशीन खरीदकर स्वरोजगार की शुरुआत भी की है। सिलाई कार्य के माध्यम से वे आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उनकी यह पहल दर्शाती है कि नियमित बचत और स्वरोजगार के छोटे प्रयास भी परिवार की आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन सकते हैं।
*बेटी की पढ़ाई में सहारा बनी महतारी वंदन की राशि, रिद्धि यादव को मिली राहत*
श्रीमती रिद्धि यादव महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग अपनी बेटी की शिक्षा में खर्च कर रही हैं। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से उन्हें बेटी की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में राहत मिल रही है। वे बेटी की बेहतर शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए योजना की राशि का सदुपयोग कर रही हैं। उनका यह प्रयास बताता है कि महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
*हर महीने बचत कर बेटी का भविष्य संवार रहीं नसरीन*
श्रीमती नसरीन भी महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए कर रही हैं। वे प्रतिमाह 500 रुपए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करती हैं। इसके साथ ही बेटी की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी योजना की राशि खर्च कर रही हैं। उनकी यह पहल नियमित बचत और बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूकता का उदाहरण है। छोटी-छोटी बचत के माध्यम से वे अपनी बेटी के भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार कर रही हैं।
*बचत, शिक्षा और स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं महिलाएं*
पिंकी शाह, रिद्धि यादव और नसरीन की कहानियां बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के जीवन में किस प्रकार उपयोगी साबित हो रही है। पिंकी शाह ने स्वरोजगार के साथ बचत को अपनाया है, रिद्धि यादव बेटी की शिक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं, जबकि नसरीन सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रही हैं। इन महिलाओं की पहल अन्य परिवारों को भी आर्थिक सहायता का योजनाबद्ध उपयोग करने के लिए प्रेरित करती है।
योजना से लाभान्वित महिलाओं ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। महिलाओं का कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा, बचत और स्वरोजगार में सहायक बन रही है।








