
INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA Bloc ने अपना विरोध तेज कर दिया है. दिल्ली में लगातार दो दिनों तक बड़े विरोध और प्रदर्शन की तैयारी है. आज यानी शनिवार (31 अक्तूबर) को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ होगा, जबकि कल यानी रविवार (1 नवंबर) को रामलीला मैदान की ओर मार्च निकाला जाएगा.
INDIA गठबंधन के नेताओं का ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम शनिवार को दोपहर साढ़े 3 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर होगा. यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को होने वाला था, लेकिन दिल्ली में बारिश के कारण इसे एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था.
कल रामलीला मैदान की ओर मार्च, राहुल ने सभी से की अपील
राहुल गांधी ने बताया कि ‘जन महाभियोग’ के अगले दिन यानी रविवार को रामलीला मैदान की ओर मार्च करेगा. उन्होंने इस प्रदर्शन में राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और आम नागरिकों से भी शामिल होने की अपील की. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है. राहुल के मुताबिक, विपक्ष के दोनों कार्यक्रम लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित किए जा रहे हैं.
राहुल गांधी का आरोप- यूपी-बिहार समेत कई राज्यों के लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष की रैली में लोगों की भागीदारी रोकने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से दिल्ली आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं.
राहुल का आरोप- लाखों मतदाताओं के वोट छीने गए
ने मतदाता अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि लाखों लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है और उनके वोट चोरी हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर लोगों में नाराजगी है और रविवार की रैली में जनता की भावना सामने आएगी. राहुल ने भाजपा नेतृत्व के साथ उद्योगपति गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी पर भी कथित चुनावी अनियमितताओं से लाभ उठाने का आरोप लगाया. विपक्ष इन मुद्दों को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन करने की तैयारी में है.






