
जशपुरनगर 05 नवम्बर 2026/ भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत जिले में 11 नवंबर 2026 से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सम्मान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह की शुरुआत 10 नवंबर को पत्रकार वार्ता से होगी। प्रत्येक जिला केन्द्र में मंत्री, सांसद एवं विधायक की उपस्थिति में कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
आदिम जाति कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 नवंबर को पं. रामचन्द्र पौराणिक सामुदायिक भवन, बालाजी मंदिर के सामने जशपुर में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव करमा महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन होगा।
13 नवंबर को जिले के सभी ग्राम, ग्राम पंचायत, विकास खण्ड, नगर पंचायत एवं नगरपालिका स्तर पर जनजातीय महापुरुषों एवं अन्य महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्थानीय प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित किया जाएगा।
15 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम पं. रामचन्द्र पौराणिक सामुदायिक भवन जशपुर में होगा। इस दिन जनजातीय क्रांतियों के नायकों, जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों एवं प्रमुख जनजाति व उप जनजाति प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन, कला एवं संस्कृति की प्रदर्शनी, फोटोग्राफी एवं चित्रकला प्रतियोगिता, प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा। भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन भी किया जाएगा।
16 नवंबर को जिला पुरातत्व संग्रहालय जशपुर में जिला स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शन एवं क्राफ्ट, कला, शिल्प, व्यंजन, पुस्तक मेला लगेगा। राज्य के पारंपरिक जनजातीय वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
18 नवंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष में जनजातीय कला, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण पर प्रशिक्षण, कार्यशाला, संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन कर सप्ताह का समापन किया जाएगा। पूरे सप्ताह के दौरान सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जिला स्तर पर कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।









