
अम्बिकापुर 11 नवम्बर 2026/ किसानों की मेहनत से उपजी फसल को बेचने के लिए अब उन्हें लंबी दूरी तय करने और परिवहन की परेशानियों से जूझने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सरगुजा जिले के ग्राम खलीबा में देखने को मिला है। यहां किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से खलीबा सहित आसपास के 11 गांवों के किसानों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लगभग 416 पंजीकृत किसानों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति उन छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आई है, जिन्हें अब तक अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। वाहन की व्यवस्था, परिवहन पर अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी जैसी समस्याएं किसानों के लिए बड़ी चुनौती थीं। अब अपने क्षेत्र में ही खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
किसानों की समस्या का हुआ समाधान
ग्राम खलीबा निवासी प्रगतिशील कृषक एवं उपसरपंच श्री नितेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र दूर होने के कारण किसानों को लंबे समय से अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर छोटे किसानों के पास धान परिवहन के लिए स्वयं के साधन नहीं होने से उन्हें वाहन की व्यवस्था करने में कठिनाई होती थी। कई किसानों को पंजीयन संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के द्वारा किसानों की मांग मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तक पहुंची और राज्य शासन ने खलीबा में नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति प्रदान की।
11 गांवों के किसानों के लिए सुविधाजनक बनेगा खलीबा उपार्जन केंद्र
नवीन धान खरीदी केंद्र खलीबा में ग्राम खलीबा, अजिरमा, कुल्हाड़ी, चठिरमा, ठाकुरपुर, बढ़नीझरिया, बलसेड़ी, बिसुनपुर खुर्द, भगवानपुर कला, भगवानपुर खुर्द एवं मेन्ड्राखुर्द के किसानों को सुविधा मिलेगी।
श्री सिंह ने बताया कि खलीबा आसपास के गांवों के मध्य स्थित है, जिससे यह स्थान धान खरीदी केंद्र के लिए सुविधाजनक है। वर्तमान में क्षेत्र के लगभग 416 किसान पंजीकृत हैं। नवीन खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने से आने वाले वर्षों में पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
धान का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति हो रही मजबूत
प्रगतिशील कृषक श्री नितेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलने वाली राशि का किसानों को लाभ मिला। खेती में बढ़ती लागत और विपरीत परिस्थितियों के बीच उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने सुनी किसानों की मांग, ग्रामीणों ने जताया आभार
नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति मिलने पर प्रगतिशील कृषक एवं उपसरपंच श्री नितेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ष्हमारे क्षेत्र के किसान कई वर्षों से धान बेचने में परेशानियों का सामना कर रहे थे। वाहन नहीं मिलने और दूर खरीदी केंद्र तक जाने में काफी दिक्कत होती थी। हमने लगातार प्रयास कर अपनी मांग जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री जी तक पहुंचाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हमारी मांग पूरी करते हुए खलीबा में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति दी है। इससे आसपास के गांवों के सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। हम सभी किसान भाइयों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु भैया का बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।
राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना की दिशा में किए जा रहे प्रयास ग्रामीण अंचलों में कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अम्बिकापुर 11 नवम्बर 2026/ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन श्बिहानश् महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव भी रख रही हैं। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कटकोना की श्रीमती ममता राजवाड़े भी ऐसी ही सशक्त महिला हैं, जिन्होंने छोटी-छोटी बचत से आत्मनिर्भरता की शुरुआत की और आज ईंट निर्माण, बकरी पालन एवं खेती के माध्यम से लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
कभी छोटी जरूरतों के लिए भी नहीं होते थे पैसे, अब बनीं आत्मनिर्भर
श्रीमती ममता राजवाड़े बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने से पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं थी। घर की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी पैसों की परेशानी होती थी। कई बार दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं खरीदने के लिए भी सोचना पड़ता था। ऐसे समय में महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ना उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत बना।
उन्होंने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने मात्र 10 रुपये की छोटी बचत से शुरुआत की। धीरे-धीरे समूह की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ी और उन्हें ऋण की सुविधा मिलने लगी। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। आज वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ आय बढ़ाने के लिए विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही हैं।
समूह और ग्राम संगठन से मिला 2 लाख रुपये का आर्थिक संबल
श्रीमती ममता राजवाड़े पीपल महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे शंकरपाठ आजीविका ग्राम संगठन में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें स्व-सहायता समूह से 50 हजार रुपये तथा ग्राम संगठन से डेढ़ लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस प्रकार कुल 2 लाख रुपये की ऋण सहायता से उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वरोजगार गतिविधियों में निवेश किया।
ममता ने इस राशि का उपयोग मकान निर्माण, ईंट निर्माण और बकरी पालन जैसी गतिविधियों में किया। उन्होंने बताया कि ऋण से मिली सहायता ने उन्हें अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने और परिवार के लिए बेहतर सुविधाएं जुटाने का अवसर दिया।
ईंट निर्माण और बकरी पालन से बढ़ाए आय के साधन
ममता राजवाड़े ने बताया कि उन्होंने लगभग 50 हजार रुपये ईंट निर्माण गतिविधि में लगाए। इसके साथ ही 20 हजार रुपये का निवेश कर बकरी पालन भी शुरू किया। बकरी पालन से उन्हें अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होती है।
उन्होंने बताया कि बकरियों की बिक्री से सालभर में लगभग 20 से 30 हजार रुपये तक की आय हो जाती है। इस आमदनी का उपयोग वे परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और ऋण की किस्त चुकाने में करती हैं।
ममता का कहना है कि एक ही व्यवसाय पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के कारण परिवार को आर्थिक सहारा मिला है। ईंट निर्माण, बकरी पालन और खेती से होने वाली आय ने उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।
बिहान से मिली नई पहचान, लखपति दीदी बनकर बढ़ा आत्मविश्वास
ममता राजवाड़े ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब वे स्वयं आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही हैं।
समूह की अध्यक्ष और ग्राम संगठन की कोषाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाने से उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आज वे लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।
ममता कहती हैं कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत करने, ऋण का सही उपयोग करने और स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिला। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।
शासन की योजनाओं से मिला आत्मविश्वास
श्रीमती ममता राजवाड़े ने बिहान योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ष्पहले हमारे पास छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी पैसे नहीं होते थे। समूह से जुड़कर हमने 10 रुपये की बचत से शुरुआत की। धीरे-धीरे ऋण मिला और हमने अपना काम शुरू किया। आज ईंट निर्माण, बकरी पालन और खेती से अच्छी आमदनी हो रही है। परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर रहे हैं। बिहान से जुड़कर हम आत्मनिर्भर बने हैं और आज लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु भैया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को दिल से धन्यवाद देती हूं।
ममता राजवाड़े की सफलता यह दर्शाती है कि महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से छोटी बचत, आर्थिक सहयोग और स्वरोजगार के अवसर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। बिहान योजना से जुड़कर वे न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि परिवार की खुशहाली और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।









