Pakistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के चागई जिले में सोने और तांबे के भंडार मिलने की खबर सामने आई है. द पाकिस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड (NRL) ने यहां आठ अलग-अलग स्थानों पर खनिज भंडार के संकेत मिलने की घोषणा की है. कंपनी ने करीब 25 हजार मीटर की ड्रिलिंग के बाद ये नतीजे हासिल किए हैं. इस खोज के बाद अब इलाके में मौजूद खनिज संसाधनों का पहला औपचारिक आकलन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
ड्रिलिंग में मिला 295 मीटर लंबा खनिज क्षेत्र
NRL के चेयरमैन मुहम्मद अली तब्बा ने पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में इस खोज की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक ड्रिल होल में 295 मीटर लंबा खनिजयुक्त क्षेत्र मिला है. इसमें 0.43 प्रतिशत तांबा और प्रति टन 0.13 ग्राम सोने की मात्रा दर्ज की गई.
इस क्षेत्र के भीतर 132 मीटर का एक हिस्सा ऐसा भी मिला, जहां तांबे की मात्रा बढ़कर 0.83 प्रतिशत तक पहुंच गई. कंपनी के मुताबिक, ये नतीजे आगे की खोज और खनिज संसाधनों के आकलन के लिहाज से उत्साहजनक हैं.









