
12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति, आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

पटना |
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित आपदाओं से बचाव के लिए बिहार में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राज्यभर के छठ घाटों पर सुरक्षा एवं राहत-बचाव की व्यवस्था की गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के 377 संवेदनशील छठ घाटों पर SDRF और NDRF की तैनाती की गई है। इनमें 254 घाटों पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) तथा 123 घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें तैनात की गई हैं।
इसके अतिरिक्त राज्य के कुल 12,806 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
विभाग का मुख्य उद्देश्य छठ घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित हादसे की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
आपदा प्रबंधन विभाग स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की ओर से श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
– हेल्पलाइन नंबर: 0612-2294204 / 205
– आपातकालीन सहायता नंबर: 1070
आपदा प्रबंधन विभाग ने किसी भी आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त करने की अपील की है।









