
मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 51 हजार और 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, ग्राम पंचायत नगरी को कंप्यूटर सेट किया भेंट
धमतरी, 20 नवंबर 2026। समाज के विकास में जनभागीदारी और सहयोग की भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जब समाज के सक्षम नागरिक अपनी सामर्थ्य का उपयोग शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और ग्रामीण विकास के लिए करते हैं, तो उनकी पहल दूसरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती है। नगरी क्षेत्र के समाजसेवी श्री रामाराव बघेल इसी भावना के साथ निरंतर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके द्वारा ग्राम पंचायत नगरी को कंप्यूटर सेट दान कर पंचायत में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सराहनीय पहल की गई है।
श्री बघेल के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि समाज के जागरूक एवं सामर्थ्यवान नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण विकास के प्रयासों को नई दिशा और मजबूती मिलती है। श्री रामाराव बघेल द्वारा किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण है। इससे अन्य नागरिक भी समाज और गांव के विकास में अपनी सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित होंगे।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल
श्री रामाराव बघेल शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं। इसी सोच के अनुरूप वे क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसके तहत कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 51 हजार रुपये तथा कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हैं। उनकी इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलने के साथ ही शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है।
सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भी सक्रिय सहभागिता
शिक्षा और ग्रामीण विकास के साथ-साथ श्री बघेल धार्मिक, सांस्कृतिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजनों में भी सहयोग प्रदान करते हैं। उनका मानना है कि समाज की प्रगति के लिए सामूहिक सहभागिता और परस्पर सहयोग आवश्यक है। इसी भावना से वे विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों में अपना योगदान देते आ रहे हैं।
दानवीर पोर्टल से ग्रामीण विकास में बढ़ेगी जनभागीदारी
कलेक्टर श्री मिश्रा ने ‘मेरी पंचायत’ के अंतर्गत संचालित दानवीर पोर्टल की उपयोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल ग्राम पंचायतों के विकास में जनसहयोग को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम है। इस पोर्टल के जरिए समाजसेवी, दानदाता और इच्छुक नागरिक अपनी ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।
श्री रामाराव बघेल द्वारा ग्राम पंचायत नगरी को कंप्यूटर सेट प्रदान करना इसी उद्देश्य की दिशा में एक सार्थक कदम है। उनकी पहल यह संदेश देती है कि समाज के विकास में प्रत्येक सक्षम नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। शिक्षा को प्रोत्साहन देने, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ग्राम पंचायतों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने जैसे प्रयास सामूहिक विकास की भावना को मजबूत करते हैं।









