
ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग के त्रिपक्षीय बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान संघर्ष, परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और वैश्विक व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. तीनों नेताओं की इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है, क्योंकि इसके नतीजे अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक सुरक्षा की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं.
यूक्रेन के बिना रूस से समझौता नहीं करेंगे ट्रंप
बैठक से पहले ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि वह यूक्रेन को बातचीत से बाहर रखकर रूस के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे. फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह यूक्रेन की भागीदारी के बिना पुतिन के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे. वहीं, पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के मुताबिक, बातचीत में यूक्रेन युद्ध का मुद्दा उठ सकता है. हालांकि, बैठक का एजेंडा पूरी तरह तय नहीं है.
परमाणु हथियारों पर नियंत्रण भी अहम मुद्दा
ट्रंप इस बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और निरस्त्रीकरण का मुद्दा भी उठाना चाहते हैं. अमेरिका और रूस के बीच आखिरी प्रमुख परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता न्यू स्टार्ट फरवरी 2026 में समाप्त हो गया था. ट्रंप चाहते हैं कि भविष्य में होने वाले किसी नए समझौते में चीन को भी शामिल किया जाए. हालांकि, चीन के लिए अपने परमाणु हथियारों पर सीमाएं स्वीकार करना आसान नहीं होगा, क्योंकि उसका परमाणु जखीरा अमेरिका और रूस की तुलना में काफी छोटा है.
व्यापार और AI पर भी नजर
बैठक में अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव भी चर्चा का विषय रहेगा. टैरिफ, रेयर अर्थ मिनरल्स की आपूर्ति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीक पर दोनों देशों के बीच मतभेद हैं. शी जिनपिंग ने APEC के मंच से मुक्त और खुले व्यापार का समर्थन किया है, जबकि पुतिन ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों की आलोचना की है. ऐसे में तीनों नेताओं की यह मुलाकात केवल युद्ध और सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ सकता है.






