Ro no D15139/23

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ

 

‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ विषय पर बाल वैज्ञानिक प्रस्तुत करेंगे अपने अभिनव विचार और वैज्ञानिक समाधान

रायपुर, 20 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक श्री ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक श्री प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।

वैज्ञानिक खोजों की बुनियाद है मौलिक विज्ञान – श्री ओ.पी. व्यास
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आईआईआईटी के कुलपति श्री ओ.पी. व्यास ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए अपने शैक्षणिक एवं शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले नए अनुसंधानों और आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई की सहायता से विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करना सरल हो गया है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण है सही, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना। बेहतर प्रश्न ही बेहतर समाधान और नई वैज्ञानिक खोजों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को नई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने तथा अपनी जिज्ञासा और मौलिक सोच को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी – श्री शुक्ल
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। विशेष रूप से 10 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बहुमुखी विचार और नवाचार की व्यापक संभावनाएं होती हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक विद्यार्थी को अपने बच्चे की तरह समझें, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करें और उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने तथा नए प्रयोग करने के अवसर प्रदान करें। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसके अवलोकन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें अपनी शोध परियोजनाएं – श्री प्रशांत कविश्वर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक श्री प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान खोजने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

प्रदेश के 33 जिलों से 4,228 समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों का पंजीयन
इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। इस मुख्य विषय के अंतर्गत पांच उपविषयों पर बाल वैज्ञानिकों द्वारा शोध परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। राज्य के सभी 33 जिलों से कुल 4,228 बाल वैज्ञानिक समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराया है। अक्टूबर एवं नवम्बर 2026 के दौरान सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपनी शोध परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। राज्य स्तरीय आयोजन में विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। यहां से चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है।
उद्घाटन सत्र में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू सहित विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिकगण उपस्थित थे।

  • Related Posts

    अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की सख्ती, चार प्रतिष्ठानों से 245.60 क्विंटल धान जब्त

    *नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 614 कट्टा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई*   *समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में…

    Read more

    मेहनत और लगन से साग-सब्जी उत्पादन को बनाया सफल व्यवसाय, छबीला सेठिया ने कमाए 3 लाख रुपए

      बिहान दीदी की उन्नत खेती बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, मचान पद्धति और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर बढ़ाई आमदनी रायपुर, 20 नवम्बर 2026/ बस्तर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी…

    Read more

    NATIONAL

    रूसी तेल सप्लाई बढ़ाने और एटमी हथियार खत्म करने पर बिग थ्री सहमत; भारत को APEC बैठक से क्या फायदा

    रूसी तेल सप्लाई बढ़ाने और एटमी हथियार खत्म करने पर बिग थ्री सहमत; भारत को APEC बैठक से क्या फायदा

    आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रखंड प्रमुख मोहम्मद के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी

    आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रखंड प्रमुख मोहम्मद के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी

    9 साल बाद ईसाइयों को पछाड़ दुनिया में सबसे ज्यादा होंगे मुस्लिम, जानें कितनी होगी हिंदुओं की आबादी

    9 साल बाद ईसाइयों को पछाड़ दुनिया में सबसे ज्यादा होंगे मुस्लिम, जानें कितनी होगी हिंदुओं की आबादी

    Video: चीन में पुतिन के साथ रूस का ‘न्यूक्लियर ब्रीफकेस’ क्यों है? जानिए क्या है चेगेट और कितनी है इसकी ताकत

    Video: चीन में पुतिन के साथ रूस का ‘न्यूक्लियर ब्रीफकेस’ क्यों है? जानिए क्या है चेगेट और कितनी है इसकी ताकत

    APEC Summit: एक मंच पर आएंगी विश्व की तीन बड़ी शक्तियां, ट्रंप-शी जिनपिंग-पुतिन के चर्चा पर टिकीं हैं दुनिया की नजरें

    APEC Summit: एक मंच पर आएंगी विश्व की तीन बड़ी शक्तियां, ट्रंप-शी जिनपिंग-पुतिन के चर्चा पर टिकीं हैं दुनिया की नजरें

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की

    प्रधानमंत्री मोदी के मनीला दौरे से लेकर Cyclone Akvan के खतरे तक, स्कूल असेंबली के लिए पढ़ें 17 नवंबर की