
राजनांदगांव 21 नवम्बर 2026। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आईटीबीपी पैरामेडिकल स्टॉफ के लिए वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम, जांच, उपचार एवं नियंत्रण विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन 19 नवंबर 2026 को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में तथा 20 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में प्रायोगिक लैब प्रशिक्षण के रूप में किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिला चिकित्सालय आईटीबीपी पैरामेडिकल स्टॉफ को मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम, शीघ्र पहचान, जांच, उपचार एवं नियंत्रण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने मलेरिया रोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मलेरिया रोग की समय पर पहचान एवं उचित उपचार के साथ-साथ रोकथाम संबंधी उपायों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। आईटीबीपी पैरामेडिकल स्टॉफ को प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यस्थल एवं फील्ड स्तर पर मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। डीपीएम एनएचएम श्री संदीप तामरकर, आईटीबीपी के डीसी / डीजी (उप सेनानी) श्री विनोद सिंह रावत, एसी / डीजी (सहायक सेनानी) श्री राजीव, सिविल सर्जन ने भी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया।
प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में आईटीबीपी के जवानों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को प्रायोगिक लैब प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रयोगशाला में की जाने वाली विभिन्न जांच प्रक्रियाओं, नमूना संग्रहण, जांच की तकनीक तथा जांच के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानी के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत आईटीबीपी के कुल 6 बैच के पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रशिक्षण बैचों में नारायणपुर, रायपुर, मदुरै, जबलपुर एवं कोंडागांव सहित विभिन्न स्थानों से आईटीबीपी का पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हो रहे है। इस दौरान आईटीबीपी के डीसी / डीजी (उप सेनानी) श्री पाक्र्षित साहा एवं डॉ. फिरदोस अख्तर, एसएमओ (वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









