

एनआईटी रायपुर और जिला प्रशासन की अभिनव पहल, हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में कौशल, तकनीक, ब्रांडिंग और विपणन का मिलेगा प्रशिक्षण
200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का लक्ष्य, स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को मिलेगी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान
धमतरी, 25 नवंबर 2026। धमतरी की पारंपरिक बुनकरी कला और स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को अब आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। महिलाओं को केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उन्हें सफल उद्यमी और रोजगार सृजक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की संयुक्त पहल पर भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रूद्री में ‘स्त्री स्किल सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र महिलाओं को हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता संवर्धन, व्यवसाय प्रबंधन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बाजार से जुड़ने का व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इस पहल के माध्यम से 200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्री रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर, एनआईटी रायपुर के निदेशक श्री वे रमन्ना राव सहित शिक्षाविद्, प्राध्यापक, उद्यमी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल और उद्यमिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो परिवार, समाज और देश की प्रगति को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र जिले की महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया माध्यम बनेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि वर्तमान समय मातृशक्ति के सशक्तीकरण का है। महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जरूरतमंद लोगों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन और समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा तथा वे आर्थिक रूप से सक्षम बनकर परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।
आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर ने कहा कि स्थानीय उत्पादों में वैश्विक बाजार तक पहुंचने की अपार संभावनाएं हैं। महिलाओं को अपने उत्पादों का वास्तविक मूल्य समझने, गुणवत्ता सुधारने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की आवश्यकता है। उन्होंने समूह आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से उत्पादन क्षमता और बाजार तक पहुंच दोनों बढ़ाई जा सकती हैं। लखपति दीदी की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए 200 महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने का लक्ष्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एनआईटी रायपुर के निदेशक श्री वे रमन्ना राव ने कहा कि तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। डिजिटल तकनीक और इंटरनेट ने महिलाओं के लिए व्यवसाय के नए द्वार खोले हैं। एनआईटी रायपुर इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी एवं उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन और हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी में उद्यमिता की मजबूत संभावनाएं हैं। खेती के बाद बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका हैंडलूम एवं बुनकरी से जुड़ी हुई है। जिले के खादी वस्त्रों और पारंपरिक उत्पादों की अपनी विशिष्ट पहचान है। अब आवश्यकता इन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की है। स्त्री स्किल सेंटर इस दिशा में महिलाओं और स्थानीय बुनकरों को नया मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय हुनर को आर्थिक अवसर में बदला जाए और महिलाएं अपने उत्पादों के माध्यम से स्वयं की पहचान स्थापित करें।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने बताया कि केंद्र के माध्यम से हैंडलूम आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एनआईटी के फैकल्टी इंचार्ज श्री अनुज शुक्ला ने कहा कि संस्थान की तकनीकी एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ अब धमतरी की महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को भी मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इस पहल के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के सहयोग से एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें महिलाओं को कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य श्री अमित मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने स्थानीय बुनकर समितियों के स्टॉलों का अवलोकन कर हस्तनिर्मित उत्पादों और कारीगरों की कला की सराहना की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं को सम्मानित किया गया।
यह पहल धमतरी की पारंपरिक बुनकरी को आधुनिक उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास है, जहां स्थानीय हुनर केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, रोजगार सृजन और जिले की नई औद्योगिक पहचान का आधार बनेगा।









