Ro no D15139/23

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बस्तर को स्वावलंबी बनाने की तैयारी

*उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की*

 

*बस्तर संभाग के सात जिलों के 5 लाख परिवारों को आजीविका से जोड़ने का लक्ष्य, प्रति परिवार 20 से 30 हजार रुपए मासिक आय का लक्ष्य*

 

*उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक विकसित की जाएगी सुदृढ़ व्यवस्था*

 

रायपुर, 26 नवंबर 2026/ नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति देने जा रही है। बस्तर के स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का समुचित उपयोग कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन, नवा रायपुर में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

 

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार आजीविका गतिविधियों एवं सामुदायिक संस्थाओं से जुड़ने से वंचित न रहे। परिवारों की रुचि, स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन किया जाए।

 

*5 लाख परिवार होंगे लाभान्वित*

स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में निवेश की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से लक्षित परिवारों की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

 

*चार प्रमुख क्षेत्रों के 52 उत्पादों पर रहेगा विशेष जोर*

अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल एवं सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प एवं पर्यटन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।

 

*उत्पादन से बाजार तक विकसित की जाएगी संपूर्ण मूल्य श्रृंखला*

अभियान के तहत केवल आजीविका के साधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रहते हुए कच्चे माल एवं आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां एवं शीत श्रृंखला की व्यवस्था विकसित की जाएगी। ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) संस्था द्वारा अभियान की तैयारियों में तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

 

बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के मायस्टोर सहित विभिन्न डिजिटल विपणन माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग स्टोर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

 

*दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण से ग्रामीण परिवारों को मिलेगी नियमित आय*

राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का स्रोत उपलब्ध हो सके।

 

*60 शासकीय योजनाओं के समन्वय से होगा अभियान का क्रियान्वयन*

स्वावलंबी बस्तर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों एवं अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

 

*शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा होंगे विकसित*

अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को अपने गांव के समीप ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

*गीदम और कांकेर में शुरू हुईं अभियान की प्रारंभिक गतिविधियां*

अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पूर्व गीदम एवं कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण तथा परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।

 

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अभियान के लिए पृथक प्रशासनिक अधिकारी की व्यवस्था करने, प्रत्येक संबंधित विभाग से नोडल अधिकारी निर्धारित करने तथा विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने और परियोजना की स्वीकृति प्राप्त होते ही जमीनी स्तर पर तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक श्री अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता श्री के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    प्रदेश में सड़कों की स्थिति की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग, तकनीक से मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था

    *उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने की रोड कंडीशन ट्रैकिंग ऐप की समीक्षा*   *प्रदेश की 150 से अधिक सड़कों का वीडियो आधारित सर्वेक्षण कर ऐप की टेस्टिंग करने के…

    Read more

    आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और बेहतर समन्वय से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

    *संविधान दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय समिट का हुआ आयोजन*   *ई-साक्ष्य एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम…

    Read more

    NATIONAL

    आनंद मोहन फिर जायेंगे जेल? सुप्रीम कोर्ट से मिला ऑर्डर, एक महीने के अंदर करना होगा सरेंडर

    आनंद मोहन फिर जायेंगे जेल? सुप्रीम कोर्ट से मिला ऑर्डर, एक महीने के अंदर करना होगा सरेंडर

    कोदो, कुटकी, समां का निर्यात पांच अरब 50 करोड़ रूपये पहुंचा

    कोदो, कुटकी, समां का निर्यात पांच अरब 50 करोड़ रूपये पहुंचा

    भारत पर फिर बढ़ सकता है अमेरिकी टैरिफ का दबाव, जानिए क्यों नया शुल्क लगाने की तैयारी में है ट्रंप सरकार

    भारत पर फिर बढ़ सकता है अमेरिकी टैरिफ का दबाव, जानिए क्यों नया शुल्क लगाने की तैयारी में है ट्रंप सरकार

    शहर की समाजसेवी शुभांगी आप्टे ने किया श्री राम मंदिर स्थापना दिवस 2024 देश विदेश में प्रकाशित खबरों का क्लेक्शन ,0 अपील कलेक्शन में सहयोग का

    शहर की समाजसेवी शुभांगी आप्टे ने किया श्री राम मंदिर स्थापना दिवस 2024 देश विदेश में प्रकाशित खबरों का क्लेक्शन ,0 अपील कलेक्शन में सहयोग का

    6 साल बाद साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब में कौन बनेगा CM और कैसे बंटेंगी 117 सीटें?

    6 साल बाद साथ आए BJP और अकाली दल, पंजाब में कौन बनेगा CM और कैसे बंटेंगी 117 सीटें?

    यूपी में गठबंधन से पहले सीटों पर महामुकाबला, कांग्रेस की मांग 181, सपा का प्रस्ताव 26

    यूपी में गठबंधन से पहले सीटों पर महामुकाबला, कांग्रेस की मांग 181, सपा का प्रस्ताव 26