
*7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से रोपे गए एक हजार पौधे, 88 प्रतिशत पौधे जीवित*
*महिला स्व-सहायता समूह के हाथों में हरियाली के संरक्षण की कमान, पर्यावरण संरक्षण के साथ आजीविका संवर्धन की पहल*
रायपुर,27 नवंबर 2026/
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है। धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत खिसोरा में सामुदायिक भागीदारी से बंजर भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कभी वीरान नजर आने वाली चारागाह भूमि अब हरियाली की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में सात एकड़ चारागाह भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से विभिन्न प्रजातियों के एक हजार पौधे लगाए गए हैं। इनमें से वर्तमान में 880 पौधे जीवित हैं।
खिसोरा में पर्यावरण संरक्षण की इस पहल के तहत आम, जामुन, करौंदा, गुलमोहर, आंवला, पीपल और बरगद सहित विभिन्न फलदार, औषधीय एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। आने वाले वर्षों में ये पौधे ग्रामीणों को फल, पोषण और छाया उपलब्ध कराने के साथ जैव विविधता के संरक्षण तथा स्थानीय पर्यावरण को बेहतर बनाने में सहायक होंगे। वृक्षारोपण से मिट्टी के कटाव को रोकने, वर्षा जल के संचयन और भूमि में नमी बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
इस पहल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता वृक्षारोपण के साथ पौधों के दीर्घकालीन संरक्षण की व्यवस्था है। पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, निराई-गुड़ाई एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी तीन वर्ष की लीज अवधि के लिए आस्था महिला संगठन, करेलीबाड़ी से जुड़े आस्था महिला स्व-सहायता समूह को सौंपी गई है। इससे महिलाओं को आजीविका से जुड़ने के अवसर मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर भी मिल रहा है।
ग्राम पंचायत खिसोरा में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अधोसंरचना विकास एवं जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों को समृद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
खिसोरा की यह पहल ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के समन्वय का उदाहरण बन रही है। सामुदायिक भूमि का सदुपयोग और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से विकसित हो रहा यह हरित क्षेत्र आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध गांव की आधारशिला तैयार कर रहा है।









