
जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों में क्रमवार लगाया जा रहा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर*
*- चार धान उपार्जन केन्द्रों में 83 किसानों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण*
*- किसानों के साथ हमालों एवं समिति के कर्मचारियों को भी मिल रहा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ*
राजनांदगांव 27 नवम्बर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही किसानों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार धान उपार्जन केन्द्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने के साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सुविधा मिल रही है। जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों में क्रमवार स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में किसानों के रक्तचाप, शुगर एवं यूरिन की जांच करने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज जिले के चार धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी, कोहका, रतनभाठ एवं कोलिहापुरी में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर कुल 83 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी में 14, कोहका में 24, रतनभाठ में 15 एवं कोलिहापुरी में 30 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में किसानों के साथ ही धान उपार्जन केन्द्रों में कार्यरत समिति के कर्मचारियों एवं हमालों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर में धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी में किसान श्री बाल कुमार जांगड़े, श्री कामता प्रसाद एवं श्री ईश्वर साहू, कोहका में श्री शुभम टेकाम, श्री भागवत राम सिन्हा एवं श्रीमती जगबाई, रतनभाठ में श्री विनोद कुमार साहू, श्री मनोज कुमार यादव एवं श्री शेर सिंह तथा कोलिहापुरी में श्री मोतीलाल परधी, श्रीमती सुशीला बाई निषाद एवं श्री लोकेश कुमार लहरे सहित अन्य किसानों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। खेती-किसानी की व्यस्तता के बीच किसानों को अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता है। ऐसे में धान उपार्जन केन्द्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। एक ही स्थान पर धान विक्रय एवं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलने से किसानों के समय की भी बचत हो रही है। जिला प्रशासन की यह पहल किसानों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से धान उपार्जन केन्द्रों में अपनी उपज का विक्रय करने के लिए आने पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाएं तथा अपने स्वास्थ्य की जांच कराने की अपील की गई है।









