
Rahul Gandhi On Delimitation: संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार (28 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला बोला. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करना चाहती है, ताकि देश के चुनावी नक्शे को अपने राजनीतिक फायदे के मुताबिक बदल सके. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी कई आरोप लगाए.
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने खुद कहा है कि 2024 के चुनाव में 14 करोड़ ऐसे लोगों ने मतदान किया, जो इसके लिए पात्र नहीं थे. इसी कथित आंकड़े के आधार पर उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव की वैधता पर सवाल उठाए. उन्होंने जम्मू-कश्मीर में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने, बिहार में मतदाताओं के नाम हटाने, असम में चुनावी क्षेत्रों का पुनर्गठन करने और पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक सीटों पर कथित चुनावी धांधली का भी आरोप लगाया.
चुनावों में धांधली को लेकर राहुल गांधी का बड़ा आरोप
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत चुनावों में कथित धांधली का मुद्दा उठाते हुए की. उन्होंने दावा किया कि देश के लोग अब चुनावों में कथित गड़बड़ियों को समझने लगे हैं. कांग्रेस के अपने सर्वेक्षण का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत और लगभग 100 प्रतिशत Gen Z का मानना है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनावों में वोट चोरी करते हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अब बीजेपी एक नई योजना लेकर आई है.
ज्ञानेश कुमार को लेकर जल्द करेंगे नया खुलासा- राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कई जानकारियां मौजूद हैं, जिन्हें जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा. राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को विपक्ष ने घेर लिया है.
बोले राहुल गांधी- महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित, फिर 850 सीटों की जरूरत क्यों?
राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे तत्काल लागू किया जा सकता है. उन्होंने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की क्या जरूरत है? कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को बहाना बनाकर परिसीमन की कवायद आगे बढ़ाई जा रही है.
राहुल गांधी ने कहा- INDIA गठबंधन में नहीं बदलेगी शरद पवार की भूमिका
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक पर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के रुख को लेकर प्रतिक्रिया दी. उनसे पूछा गया कि क्या विधेयक का समर्थन करने पर गठबंधन में पवार की स्थिति बदल जाएगी? राहुल गांधी ने इसपर कहा कि शरद पवार यदि इस विधेयक का समर्थन करते हैं, तब भी INDIA गठबंधन में उनकी मौजूदा स्थिति बरकरार रहेगी.






